संसद  
देश

आज से संसद के शीतकालीन सत्र का होगा आगाज, SIR के मुद्दे पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

Parliament Winter Session: संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से शुरू होकर 19 दिसंबर तक चलेगा। सरकार परमाणु ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में सुधार के लिए विधेयक पेश करेगी।

अर्पित शुक्ला

Parliament Winter Session: संसद का शीतकालीन सत्र आज यानी सोमवार (1 दिसंबर) से शुरू हो रहा है और यह 19 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान सरकार कई अहम विधेयक पेश करने की योजना बना रही है, जबकि विपक्ष सरकार को घेरने के लिए तैयार है। शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार जहां परमाणु ऊर्जा, उच्च शिक्षा क्षेत्र सुधार, और कॉरपोरेट/शेयर बाजार विनियम जैसे 10 महत्त्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी, वहीं विपक्ष एसआईआर (स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट) और वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों पर सरकार से सवाल करने की योजना बना रहा है।

इस सत्र में सरकार असैन्य परमाणु क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोलने संबंधी विधेयक पेश करने जा रही है। इसके अलावा, भारतीय उच्च शिक्षा आयोग, राष्ट्रीय राजमार्ग (संशोधन), कॉरपोरेट कानून संशोधन, प्रतिभूति बाजार संहिता-2025 और मध्यस्थता कानून में बदलाव जैसे अन्य विधेयकों पर चर्चा की जाएगी।

विपक्ष का पलटवार

वहीं, विपक्ष शीतकालीन सत्र में कुछ गंभीर मुद्दों को उठाने की तैयारी कर रहा है। खासतौर पर दिल्ली में वायु प्रदूषण के मुद्दे के साथ-साथ 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर (स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट) के मुद्दे पर सरकार को घेरने की संभावना जताई जा रही है। विपक्ष ने यह भी संकेत दिया है कि वह चुनाव आयोग के साथ कथित 'मिलीभगत' और सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा 'वोट चोरी' के मुद्दे को उठाएगा। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि जब लोकतंत्र की हत्या हो रही हो, तो 'वोट चोरी' नहीं, बल्कि 'वोट डकैती' की जा रही है, जो एक अहम मुद्दा है।

सर्वदलीय बैठक में क्या हुआ?

संसद के शीतकालीन सत्र से पहले रविवार को एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों सदनों के विधायी कार्यों और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। इस बैठक में सरकार की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यसभा में सदन के नेता और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और अर्जुन राम मेघवाल मौजूद थे। विपक्ष की ओर से कांग्रेस के प्रमोद तिवारी, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओब्रायन, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, द्रमुक के तिरुचित शिवा और अन्य दलों के नेता शामिल हुए।

10 विधेयक होंगे पेश

इस सत्र में कुल 10 विधेयक पेश किये जा सकते हैं, इनमें प्रमुख रूप से:

  •  परमाणु ऊर्जा विधेयक-2025
  • भारतीय उच्च शिक्षा आयोग विधेयक
  • राष्ट्रीय राजमार्ग संशोधन विधेयक
  • कॉरपोरेट कानून संशोधन विधेयक
  • प्रतिभूति बाजार संहिता-2025
  • मध्यस्थता कानून संशोधन

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले सर्वदलीय बैठक में उम्मीद जताई कि इस सत्र के दौरान सभी सांसद "ठंडे दिमाग से काम करेंगे" और रुकावटों से बचेंगे। उन्होंने कहा कि अगर संसद में कोई विवाद या बहस होती है, तो यह गरमागरम नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे शांतिपूर्वक और उद्देश्यपूर्ण तरीके से हल किया जाना चाहिए।

अंगूर खट्टे हैं तो बेल काटने लगे, दिल्ली प्रोटेस्ट पर पहली बार बोले PM मोदी; राहुल गांधी को बताया फेल प्रोडक्ट

दिल्ली नगर निगम में क्यों भिड़े AAP-कांग्रेस पार्षद? विकास फंड से शुरू हुआ विवाद, हाथापाई तक पहुंची बात- VIDEO

नेहा बोरा ने CJP से किया किनारा, हाई कोर्ट में कहा- तिरंगा फहराने के लिए अनुमति जरूरी नहीं; कब आएगा फैसला?

सोनम का झलका दर्द, सरकार पर लगाया वादा खिलाफी का गंभीर आरोप; कहा चीन लद्दाख को नहीं मानता भारत का हिस्सा

रेहान वाड्रा की 74 तस्वीरें प्रदर्शनी से क्यों हटाई गईं? बीकानेर हाउस ने बताई वजह