देश

मिजोरम विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे आज, सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शुभम सोनडवले

आइजोल. मिजोरम में विधानसभा चुनाव (Mizoram assembly election) की सोमवार को होने वाली मतगणना (Counting) के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। इस बार चुनाव में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है।

मिजोरम में मतगणना रविवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के साथ होनी थी। हालांकि, राजनीतिक दलों, गैर सरकारी संगठनों, चर्च और छात्र संगठनों की अपील के बाद निर्वाचन आयोग ने इसे स्थगित कर दिया क्योंकि रविवार का दिन ईसाई बहुल मिजोरम के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।

8.30 बजे से EVM में पड़े वोटों की गिनती

मिजोरम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच लियानजेला ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 13 केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इन 13 केंद्रों पर 40 विधानसभा सीट में से प्रत्येक के लिए एक मतगणना हॉल बनाया गया है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी और सुबह 8.30 बजे से ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती शुरू होगी।

मतगणना में 4,000 से अधिक कर्मी शामिल

एच लियानजेला ने कहा कि 12 विधानसभा क्षेत्रों वाले आइजोल जिले में तीन मतगणना केंद्र जबकि 10 अन्य जिलों में एक-एक केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ सीट पर जहां मतदाताओं की संख्या कम है, केवल दो दौर की गिनती होगी, लेकिन अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों में पांच दौर की गिनती होगी। मतगणना प्रक्रिया में 4,000 से अधिक कर्मी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, ईवीएम के लिए 399 टेबल और डाक मतपत्रों की गिनती के लिए 56 टेबल होंगी।

80% लोगों ने किया था मतदान

मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान सात नवंबर को हुआ था और राज्य के 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। चुनाव में 18 महिलाओं सहित कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं। एमएनएफ, जेडपीएम और कांग्रेस ने 40-40 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि भाजपा ने 13 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। मिजोरम में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा 17 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे। (एजेंसी)

एपस्टीन के साथ हरदीप पुरी की नई फोटो रिलीज, राहुल गांधी ने पूछा- किस गद्दार को ब्लैकमेल कर रहे हैं?

India Chem 2026: बॉम्बे एग्जीबिशन सेंटर में होगा भव्य आयोजन, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे उद्घाटन

महाराष्ट्र के 3 कलाकारों को ललित कला अकादमी राष्ट्रीय पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

सौरव दास और आशुतोष रांका को मिली जमानत, 7 दिन बाद CJP नेताओं की जेल से रिहाई

मुकेश अंबानी की रिफाइनरी क्यों पहुंचे मार्को रुबियो? समझिए तेल का पूरा खेल