कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस की शुरुआत।
ट्रेन 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और इसमें 22 एलएचबी कोच लगाए गए हैं।
रेल मंत्री ने कानपुर में 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेल ट्रैक और प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना की जानकारी भी दी।
Kanpur to Anand Vihar Train: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को नई ‘कानपुर एक्सप्रेस’ की उद्घाटन विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच दोनों दिशाओं में चलेगी। इस नई रेल सेवा से कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
इस मौके पर कानपुर नगर निगम की महापौर प्रमिला पांडेय, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले सहित कई गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे के मुताबिक, यह दैनिक रेल सेवा उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के बीच रेल संपर्क को मजबूत करेगी।
नई कानपुर एक्सप्रेस 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसमें 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। यह ट्रेन रास्ते में कई महत्वपूर्ण शहरों और औद्योगिक केंद्रों को रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।
इससे फफूंद के यात्रियों को भी फायदा होगा। यह स्टेशन औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों के साथ एनटीपीसी औरैया और गेल पाता जैसे प्रमुख प्रतिष्ठानों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके अलावा, कृषि के प्रमुख केंद्र इटावा और कांच उद्योग के लिए प्रसिद्ध फिरोजाबाद क्षेत्र को रेल संपर्क देने वाले टूंडला के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
ट्रेन हाथरस से भी गुजरेगी, जो हींग प्रसंस्करण, पीतल के बर्तनों और कृषि आधारित उद्योगों के लिए जाना जाता है। इसके अलावा ताला उद्योग और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए प्रसिद्ध अलीगढ़ तथा सिरेमिक और मिट्टी के बर्तनों के उद्योग वाले खुर्जा को भी बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।
यह ट्रेन महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक केंद्र दादरी तथा एनसीआर के प्रमुख औद्योगिक शहर गाजियाबाद को जोड़ते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
इस नई रेल सेवा से उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा और शैक्षणिक केंद्र कानपुर का दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। आनंद विहार टर्मिनल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने वाला प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र है।
इससे दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले कारोबारियों, विद्यार्थियों, कामगारों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मौके पर कानपुर के लोगों को नई ट्रेन सेवा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस सेवा की शुरुआत पर कानपुर की जनता को बधाई दी है।
कानपुर की आगामी रेल परियोजनाओं का जिक्र करते हुए रेल मंत्री ने अनवरगंज और मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेल ट्रैक के निर्माण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इससे रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की दशकों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान मिल सकेगा।
अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और जरूरी मंजूरियां भी मिल गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
रेल मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसका नॉर्थ कॉरिडोर कानपुर के विकास में नया अध्याय जोड़ेगा। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ते हुए पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के शुरू होने पर दिल्ली से कानपुर की यात्रा करीब 1 घंटा 45 मिनट में पूरी की जा सकेगी। वहीं, लखनऊ से कानपुर पहुंचने में लगभग 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज जाने में करीब 1 घंटा 15 मिनट लगेंगे।
रेल मंत्री ने कहा कि हाई-स्पीड रेल संपर्क से कानपुर का प्रमुख शहरों के साथ जुड़ाव मजबूत होगा और क्षेत्रीय तथा आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यहां काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कानपुर में रेलवे के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण पहल भी की जाएंगी।
इस मौके पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर के खोए हुए गौरव को फिर से स्थापित करने का संकल्प अब जमीन पर साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने शहर में बुलेट ट्रेन के ठहराव की घोषणा पर खुशी जताई।
रमेश अवस्थी ने बताया कि अनवरगंज-मंधना रेलखंड पर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की मांग कानपुर के लोग लंबे समय से कर रहे थे। रेलवे ने इस मांग को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की मांग वर्ष 2017-18 से की जा रही थी। सांसद ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास और शहर के नाम पर नई ट्रेन शुरू किए जाने पर भी खुशी जाहिर की।
नई रेल सेवा का शुभारंभ भारतीय रेलवे की यात्री संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने और यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक तथा भरोसेमंद रेल सुविधाएं देने की दिशा में एक कदम है।