DK Shivakumar Political Bias Allegation: रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में हुए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के बाद डीके शिवकुमार का बड़ा बयान सामने आया। डीके शिवकुमार ने रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु की अहमदाबाद में हुई जीत पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के साथ अन्याय हुआ है।
रविवार को हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल मैच में, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने जीत हासिल करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली। हालांकि, कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार इससे खुश नहीं दिखे। पत्रकारों से बात करते हुए, शिवकुमार ने फाइनल मैच का वेन्यू गुजरात शिफ्ट किए जाने के फैसले पर आयोजकों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने कहा, "IPL का फाइनल मैच बेंगलुरु में ही होना चाहिए था। हमारे साथ अन्याय हुआ है। इसे राजनीति की वजह से किसी दूसरे वेन्यू पर शिफ्ट कर दिया गया। मैं इस मामले पर और कुछ नहीं कहूंगा।" उन्होंने आगे कहा, "अगर आईपीएल का यह फाइनल मुकाबला बेंगलुरु में खेला गया होता तो कर्नाटक फैंस के लिए यादगार पल होता। अपनी टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनते देखना कर्नाटक और आरसीबी के फैंस के लिए रोमांचक भरा होता। हालांकि, सभी RCB फैन्स और कर्नाटक सरकार की ओर से, मैं टीम को बधाई देता हूं।"
इसके बाद, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर भी टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "RCB ने लगातार दूसरा IPL टाइटल जीतकर इतिहास रच दिया है। हिम्मत, संयम और चैंपियंस की सच्ची भावना के साथ, टीम ने एक बार फिर बेंगलुरु को गर्व महसूस कराया है।"
यह भी पढ़ें - गुजरात टाइटंस की बस में लगी आग, बाल-बाल बचे खिलाड़ी, IPL फाइनल के बाद लौटते वक्त हुआ हादसा
आपको बताते चलें, कि RCB ने गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट से हराकर शानदार ट्रॉफी अपने नाम की। इसके साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के साथ एलिट क्लब में शामिल हो गई है। RCB लीग की तीसरी ऐसी टीम बन गई है जिसने लगातार दो IPL खिताब (2025, 2026) जीते हैं।
RCB से पहले, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) (2010 और 2011) और मुंबई इंडियंस (MI) (2019 और 2020) यह उपलब्धि पहले ही हासिल कर चुकी थीं। सबसे ज्यादा IPL खिताब जीतने के मामले में RCB तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। मुंबई इंडियंस और CSK संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं, जिनके नाम 5-5 खिताब हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स तीन खिताबों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि RCB दो खिताबों के साथ तीसरे स्थान पर है।