Highlights:
दक्षिण भारत के पूरे क्षेत्र में मौसम खराब होने और हवाएं तेज होने की संभावना है।
पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फबारी शुरू हो गई है।
बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन बनने की आशंका है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
Weather Alert Today: मानसून की आधिकारिक विदाई के बाद भी देश के कई हिस्सों में मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं। मौसम विभाग ने देश के 19 राज्यों में मूसलाधार बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दाब क्षेत्र और उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम पूरी तरह बदल गया है।
पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित यह निम्न-दबाव क्षेत्र इसी इलाके में बना रहेगा और दिन के दौरान एक 'डिप्रेशन' में तब्दील हो सकता है। यह प्रणाली एक गंभीर ट्रॉपिकल डिस्टर्बेंस का शुरुआती चरण है, जिसके आने वाले दिनों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर, उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों की तरफ बढ़ने का अनुमान है।
पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फबारी शुरू हो गई है, वहीं मैदानी राज्यों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में पिछले 7 दिनों से आंधी-बारिश का दौर जारी है।
कश्मीर घाटी में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है। बारामूला के लोग ठंड से बचने के लिए अपने पारंपरिक सर्दियों के कपड़े, जैसे 'फेरन' निकाल लाए हैं, वहीं कुछ लोग सड़क किनारे छोटी-छोटी आग जलाकर खुद को गर्म करते हुए देखे जा सकते हैं।
अंडमान द्वीप समूह में भारी बारिश होने का अनुमान है, जिसमें अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। दक्षिणी भारत में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना है, जिसके लिए 'येलो वार्निंग' जारी की गई है।
उधर, उत्तराखंड के नैनीताल में देर शाम पहाड़ी से अचानक भारी मलबा गिरने से एक महिला सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
दिल्ली मौसम, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कर्नाटक, अंडमान-निकोबार, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है।
दक्षिण भारत के पूरे क्षेत्र में मौसम खराब होने और हवाएं तेज होने की संभावना है। मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ अंडमान द्वीप समूह के आसपास और तटीय इलाकों में हवा की गति 45–55 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों के साथ 65 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब होने का अनुमान है। IMD ने समुद्र में मौजूद सभी मछुआरों को 24 अक्टूबर की सुबह तक तट पर वापस लौटने का निर्देश दिया गया है। मछुआरों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी की ओर न जाएं।
शनिवार को भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण अंडमान द्वीप समूह में कई तरह की स्थानीय समस्याएं पैदा हो सकती हैं। सड़कों पर पानी भरना, शहरी इलाकों के निचले हिस्सों में जलभराव, और अंडरपास बंद होने से शहरों में ट्रैफिक जाम हो सकता है और यात्रा में अधिक समय लग सकता है।