राम मोहन नायडू (सोर्स-IANS) 
देश

UDAN Scheme का बड़ा तोहफा, दमन-Delhi Direct Flight से 8 घंटे का सफर अब ढाई घंटे में

PM Modi UDAN Scheme: पीएम मोदी की उड़ान योजना के तहत दमन से दिल्ली के लिए पहली सीधी उड़ान शुरू हुई। इससे यात्रा समय घटेगा और पर्यटन, व्यापार, निवेश व रोजगार को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

अनन्या तिवारी

Daman Gets First Direct Flight To Delhi Under UDAN Scheme: केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के तहत दमन को पहली बार दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा मिली है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को नई गति देने वाली साबित होगी।

दमन-दिल्ली उड़ान सेवा का शुभारंभ

केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार, मंत्री ने नवनिर्मित नमो एयरपोर्ट से एलायंस एयर की दमन-दिल्ली-दमन मार्ग पर पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाने के बाद यह बात कही।

यात्रा का समय घटकर ढाई घंटे हुआ

राम मोहन नायडू ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि इस नई हवाई सेवा के शुरू होने से दमन और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच यात्रा का समय, जो सड़क मार्ग से लगभग 8 से 10 घंटे लगता था, अब घटकर करीब ढाई घंटे रह जाएगा।

उड़ान योजना से बदली क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना को देते हुए कहा कि इस योजना ने देश में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को पूरी तरह बदल दिया है। इसके माध्यम से छोटे शहरों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ा जा रहा है, जिससे आम लोगों को तेज, सुलभ और सुविधाजनक हवाई यात्रा का लाभ मिल रहा है।

नमो एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाएं

नमो एयरपोर्ट भारतीय तटरक्षक बल के इंडियन कोस्ट गार्ड एयर स्टेशन (आईसीजीएएस), दमन में विकसित दोहरे उपयोग वाली हवाई सुविधा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जून को इसका उद्घाटन किया था, जबकि इसकी आधारशिला अप्रैल 2023 में रखी गई थी।

करीब 25 एकड़ क्षेत्र में 124 करोड़ रुपए की लागत से विकसित इस एयरपोर्ट में 3,700 वर्ग मीटर का आधुनिक टर्मिनल बनाया गया है, जो प्रतिदिन 14 एटीआर विमानों के संचालन में सक्षम है और इसकी वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 3.67 लाख यात्रियों की है।

उद्योग और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री ने कहा कि दमन, दीव, दादरा और नगर हवेली क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां 7,000 से अधिक उद्योग संचालित हो रहे हैं, जबकि आसपास के वापी और वलसाड क्षेत्रों में लगभग 15,000 उद्योग मौजूद हैं। ऐसे में बेहतर हवाई संपर्क से कारोबारी यात्राएं आसान होंगी, नए निवेश आकर्षित होंगे और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

पर्यटन क्षेत्र को भी मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि हर वर्ष करीब 20 लाख पर्यटक दमन घूमने आते हैं। नई सीधी हवाई सेवा शुरू होने के बाद पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय पर्यटन उद्योग को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

भविष्य में बड़े विमानों की भी होगी उड़ान

सरकार भविष्य में एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार करने की भी योजना बना रही है, ताकि एयरबस A 320 जैसे बड़े विमान भी यहां से उड़ान भर सकें। इसके बाद मुंबई, सूरत, अहमदाबाद और पटना जैसे शहरों के लिए भी सीधी हवाई सेवाएं शुरू करने की तैयारी है।

उड़ान योजना का विस्तार और नए एयरपोर्ट की तैयारी

केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि सरकार ने उड़ान योजना को अगले 10 वर्षों के लिए बढ़ा दिया है। संशोधित योजना के तहत 29,000 करोड़ रुपए के बजट से देश भर में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और मजबूत किया जा सकेगा।

-IANS ऐजेंसी इनपुट

चंडीगढ़ को दहलाने की साजिश? ISBT के पास IED और हथियार बरामद, पुलिस ने 3 को पकड़ा

काशी पहुंचे जापान के गवर्नर कोटारो नागासाकी, बोले- ग्रीन हाइड्रोजन से नई ऊंचाई छुएंगे भारत-जापान संबंध

न पीने की पानी... न बैठने की जगह, 89% स्टेशनों का बुरा हाल; CAG रिपोर्ट ने खोली रेलवे के दावों की पोल

भ्रम न फैलाएं...राष्ट्रगान विवाद पर सतीश महाना की सफाई, अनादर के आरोपों को बताया बेबुनियाद

जिस सस्ते रॉकेट लॉन्च पर भारत को था गर्व, नई स्टडी ने खोल दी पोल? जानिए क्या है पूरा मामला