BJP Protest At Congress Headquarters: आज राहुल गांधी के खिलाफ देश भर में भारतीय जनता पार्टी प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेता आज कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रधानमंत्री आवास (लोक कल्याण मार्ग) के पास राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन की कड़ी आलोचना करते हुए इसे "अराजकता" करार दिया है।
भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि संसद या जंतर-मंतर पर छात्रों के मुद्दे उठाने के बजाय, प्रधानमंत्री आवास के बाहर "अचानक धरना" देने का राहुल गांधी का फैसला सिर्फ सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए किया गया एक राजनीतिक स्टंट है। सत्ताधारी पार्टी का आरोप है कि वह विपक्ष के नेता के गरिमापूर्ण पद का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और लोकतांत्रिक नियमों का उल्लंघन करके युवा आंदोलन को कमजोर कर रहे हैं।
राहुल गांधी के इस विरोध प्रदर्शन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोक कल्याण मार्ग पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की आलोचना की थी। उन्होंने कहा, "विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जो हरकत की है, वह पूरी तरह से गलत और बेहद निंदनीय है। विपक्ष के नेता का पद बहुत सम्मानजनक होता है, लेकिन राहुल गांधी जी इस पद को गंभीरता से नहीं लेते, जैसा कि आज उनके व्यवहार से साफ पता चलता है।"
नितिन नवीन ने कहा, "लोकतंत्र में विरोध और अराजकता दो बिल्कुल अलग-अलग बातें हैं। जब विरोध मर्यादा की सीमा पार कर जाता है, तो वह अराजकता बन जाता है और हमने शुरू से ही कहा है कि राहुल गांधी अराजकता का प्रतीक बन गए हैं। कुछ पद ऐसे होते हैं जो किसी खास राजनीतिक पार्टी के नहीं होते और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ पार्टी के नेता नहीं हैं।"
यह भी पढ़ें - युवाओं के सामने उद्धव ने सिर झुकाया, जंतर-मंतर पर CJP के मंच से भरी हुंकार, बोले- महाराष्ट्र आपके साथ है
अराजकता की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा, "वे 140 करोड़ नागरिकों के चुने हुए प्रतिनिधि हैं, जिन्हें हर कोई आस्था और भरोसे का केंद्र मानता है। जिस तरह से राहुल गांधी और उनकी टीम आज प्रधानमंत्री आवास के पास गए और अराजकता फैलाने की कोशिश की, उससे पता चलता है कि वे अब विपक्ष की राजनीति नहीं कर रहे हैं, बल्कि अराजक राजनीति को बढ़ावा देने वाले बनते जा रहे हैं।"
मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री आवास के सामने धरना दिया था। दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था और देर रात सभी को छोड़ दिया था। उनके इस प्रदर्शन के बाद देश भर के सभी राज्यों में भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। भाजपा नेता आज कांग्रेस का घेराव करने की तैयारी में है।