Highlights
टाइगर श्रॉफ की टीम ने फायरिंग की घटना के बाद बयान जारी किया।
टीम ने टाइगर श्रॉफ के नाम से वायरल हो रहे AI वीडियो और तस्वीरों पर नाराजगी जताई।
टीम के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ ने घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान या वीडियो जारी नहीं किया है।
Tiger Shroff AI Video: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को लेकर सामने आई फायरिंग की घटना के बाद उनकी टीम ने एक अहम बयान जारी किया है। अभिनेता की टीम ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे AI से तैयार किए गए फोटो और वीडियो पर नाराजगी जाहिर की है। टीम का कहना है कि घटना को लेकर टाइगर के नाम से झूठी कहानियां और भ्रामक कंटेंट फैलाया जा रहा है।
टीम ने डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया पेज और मीडिया संस्थानों को चेतावनी देते हुए कहा है कि गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टाइगर श्रॉफ की टीम ने अपने बयान में साफ किया कि अभिनेता ने हाल ही में हुई घटना को लेकर न तो कोई आधिकारिक बयान दिया है और न ही कोई वीडियो साझा किया है। इसके अलावा, उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे किसी भी संदेश का समर्थन नहीं किया है।
टीम के मुताबिक, सोशल मीडिया पर घटना को लेकर मनगढ़ंत कहानियां फैलाई जा रही हैं। इन कहानियों को विश्वसनीय दिखाने के लिए AI से बनाए गए वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। टीम ने स्पष्ट किया कि इस तरह का कंटेंट झूठा और अनधिकृत है, जिसका अभिनेता या उनकी टीम से कोई संबंध नहीं है। टीम ने यह भी कहा कि केवल व्यूज और पैसे कमाने के लिए गलत जानकारी फैलाना गैर-जिम्मेदाराना है।
टाइगर श्रॉफ की टीम ने डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया पेजों और मीडिया आउटलेट्स से किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की है। टीम ने चेतावनी दी कि जो व्यक्ति या पेज जानबूझकर गलत और मनगढ़ंत कंटेंट बनाएगा या उसे प्रसारित करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने कहा कि वह ऐसे मामलों पर नजर रख रही है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार, 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपने ड्राइवर के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों में से दो ने उनकी गाड़ी पर गोलीबारी की। बताया गया कि एक हमलावर ने सात राउंड फायर किए, जबकि दूसरे की बंदूक जाम होने के कारण गोली नहीं चल सकी। इस घटना में टाइगर को हाथ और छाती पर मामूली चोट लगने की बात कही गई। वहीं, उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की जानकारी सामने आई।