सचिन और सुप्रिया पिलगांवकर लव स्टोरी (सौ. सोशल मीडिया)
मनोरंजन

एक्ट्रेस की खोज में निकले थे सचिन, मां ने करा दी सुप्रिया से मुलाकात, शूटिंग खत्म होते ही कर दिया इजहार

Supriya Sachin Pilgaonkar: सुप्रिया और सचिन पिलगांवकर की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। पहली मुलाकात से लेकर शादी की मंजूरी तक, जानिए कैसे एक फिल्म की शूटिंग ने दोनों को करीब ला दिया।

अपूर्वा नायक
सुप्रिया पिलगांवकर और सचिन पिलगांवकर मनोरंजन जगत की उन जोड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने पर्दे पर साथ काम करने के साथ-साथ निजी जिंदगी में भी एक खूबसूरत रिश्ता कायम रखा है। दोनों की शादी को लगभग 40 साल हो चुके हैं और आज भी उनकी जोड़ी फैंस के बीच काफी पसंद की जाती है। सुप्रिया और सचिन ने फिल्मों के अलावा टीवी पर भी साथ काम किया है। उनका शो 'तू तोता तू मैना' दूरदर्शन के लोकप्रिय कार्यक्रमों में गिना जाता है। हालांकि, दोनों की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं रही।
सुप्रिया पिलगांवकर ने 'द कपिल शर्मा शो' में अपनी और सचिन की लव स्टोरी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से शेयर किए थे। उन्होंने बताया था कि सचिन ने उन्हें एक फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद प्रपोज किया था। उस समय सचिन अपनी मराठी फिल्म 'नवरी मिले नवरियाला' के लिए लीड एक्ट्रेस की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मां की नजर दूरदर्शन पर सुप्रिया के एक कार्यक्रम पर पड़ी।
सुप्रिया ने बताया था कि सचिन की मां ने दूरदर्शन पर उनकी परफॉर्मेंस देखी और उन्हें लगा कि वह फिल्म की मुख्य भूमिका के लिए बिल्कुल सही रहेंगी। उन्होंने सचिन को सुप्रिया के बारे में बताया और उन्हें फिल्म में कास्ट करने की सलाह दी। सुप्रिया के मुताबिक, शो के क्रेडिट से सचिन को पता चला कि वह गोवा से हैं। उनकी मां की सलाह ने सचिन के मन में सुप्रिया को लेकर एक खास विचार जरूर पैदा कर दिया था।
फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच रोमांस जैसा कुछ नहीं था। सचिन उस समय इस बात को लेकर भी असमंजस में थे कि अगर वह शूटिंग के दौरान सुप्रिया को प्रपोज करेंगे और जवाब ना में आया, तो इसका फिल्म पर क्या असर पड़ेगा। इसी वजह से उन्होंने फिल्म की शूटिंग पूरी होने का इंतजार किया। शूटिंग खत्म होने के बाद सचिन ने आखिरकार सुप्रिया के सामने अपने दिल की बात रखी। सुप्रिया ने उनका प्रपोजल स्वीकार कर लिया और यहीं से दोनों के रिश्ते की नई शुरुआत हुई।
हालांकि, दोनों का रिश्ता शादी तक पहुंचाना इतना आसान नहीं था। सुप्रिया के माता-पिता शुरुआत में इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों को लेकर कुछ आशंकाएं थीं। इसके बाद सचिन ने उन्हें अपने काम और परिवार के बारे में समझाया। उन्होंने यह भी बताया कि वह 'नदिया के पार' जैसी पारिवारिक फिल्म का हिस्सा रह चुके हैं। धीरे-धीरे सुप्रिया के माता-पिता का भरोसा बढ़ा और उन्होंने इस रिश्ते के लिए अपनी सहमति दे दी।
सुप्रिया और सचिन पिलगांवकर ने शादी के बाद भी मनोरंजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाए रखी। दोनों ने अपने करियर और परिवार के बीच खूबसूरत संतुलन कायम किया। आज करीब 38 साल बाद भी सुप्रिया और सचिन की जोड़ी को इंडस्ट्री की पसंदीदा जोड़ियों में गिना जाता है। उनकी कहानी बताती है कि कभी-कभी एक मुलाकात, परिवार की एक सलाह और सही समय पर कही गई दिल की बात जिंदगी का सबसे खूबसूरत रिश्ता बना सकती है।
सुप्रिया और सचिन पिलगांवकर की बेटी भी अपने माता पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए एक्टिंग की दुनिया में जाना पहचाना नाम हासिल कर चुकी है। उन्होंने मिर्जापुर समेत कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया है और अपने माता पिता का नाम रोशन किया है।

आज की ताजा खबर 17 अगस्त LIVE: आय से अधिक संपत्ति मामले में राहुल की अर्जी पर CBI-ED को SC का नोटिस

आंध्र प्रदेश को मिला एक और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, भोगापुरम एयरपोर्ट से आज रात से शुरू होंगी उड़ानें

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, आय से अधिक संपत्ति मामले में CBI और ED की जांच पर लगी रोक

काठमांडू में जनरल धीरज सेठ का भव्य स्वागत, आज मिलेगा नेपाली सेना प्रमुख का मानद पद

Air India के 2 पायलटों का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव, 300 से ज्यादा की जांच, फाइनल रिपोर्ट आने तक ड्यूटी से हटे