सनी देओल ने 1983 में फिल्म बेताब से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
फिल्म डर के क्लाइमैक्स सीन को लेकर सनी देओल और यश चोपड़ा के बीच बहस हुई थी।
सनी देओल ने बताया था कि गुस्से में जींस की जेब में हाथ डालने के दौरान उनकी पैंट फट गई थी।
Sunny Deol Anger Story: बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सनी देओल अपनी शानदार एक्टिंग और गुस्से वाले अंदाज के लिए मशहूर हैं। 19 अक्टूबर को अपना 69वां जन्मदिन मनाने जा रहे सनी देओल की जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा है, जो आज भी चर्चा में रहता है।
यह मामला उनकी सुपरहिट फिल्म ‘डर’ की शूटिंग के दौरान का है, जब एक सीन को लेकर उनकी निर्देशक यश चोपड़ा से बहस हो गई थी। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में सनी देओल ने अपनी जींस ही फाड़ ली थी।
सनी देओल ने साल 1983 में फिल्म बेताब से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ अमृता सिंह नजर आई थीं और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद सनी देओल ने अर्जुन, घायल, घातक और बॉर्डर जैसी कई शानदार फिल्मों में काम किया। इसी कड़ी में साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म डर भी शामिल है, जिसमें उनके साथ शाहरुख खान और जूही चावला नजर आए थे।
फिल्म डर में सनी देओल ने एक कमांडो अफसर की भूमिका निभाई थी, जबकि शाहरुख खान ने राहुल नाम के जुनूनी प्रेमी का किरदार निभाया था। फिल्म के क्लाइमैक्स में शाहरुख का किरदार सनी देओल को चाकू मारता है। इसी सीन को लेकर सनी देओल को आपत्ति थी। इस घटना के बारे में बात करते हुए सनी देओल ने बताया था कि वह खुद को एक प्रशिक्षित कमांडो मानते थे।
सनी देओल ने बताया था कि वह यश चोपड़ा का सम्मान करते थे, इसलिए उनसे खुलकर नाराजगी जाहिर नहीं कर पा रहे थे। इसी दौरान उन्हें इतना गुस्सा आया कि उन्होंने अपनी जींस की जेब में हाथ डाल लिए और उन्हें पता ही नहीं चला कि उनकी पैंट फट गई। एक्टर के अनुसार, उन्हें इस हालत में देखकर सेट पर मौजूद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, सनी देओल ने साफ किया था कि वह किसी को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते थे।
इस विवाद के बाद सनी देओल और शाहरुख खान के बीच लंबे समय तक बातचीत नहीं होने की चर्चा रही। हालांकि, सनी देओल ने कहा था कि उन्होंने शाहरुख से जानबूझकर बात करना बंद नहीं किया था। वह ज्यादा सोशलाइज नहीं करते थे, इसलिए दोनों की मुलाकातें ही कम होती थीं।