Vishal Dadlani On Indian Idol: मशहूर म्यूजिशियन और सिंगर विशाल ददलानी इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने नीट यूजी पेपर लीक विवाद पर खुलकर प्रतिक्रिया दी थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें वायरल होने लगीं कि उन्हें रियलिटी शो इंडियन आइडल से बाहर कर दिया गया है।
विशाल ददलानी ने अब खुद इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है। विशाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह मजाकिया अंदाज में उदास होने की एक्टिंग करते नजर आए। वीडियो में वह आंखों से आंसू पोंछने का नाटक करते दिखाई दिए, जबकि पीछे ‘इंडियन आइडल’ का बोर्ड भी नजर आ रहा था। वीडियो के आखिर में विशाल कहते हैं कि मैं यहां हूं बेबी।
विशाल ददलानी ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा कि ऑनलाइन जो कुछ भी देखते हैं, उस पर विश्वास मत कीजिए। बहुत मैनिपुलेशन हो रहा है। अच्छी लड़ाई लड़ते रहिए और वह कहिए जो कहा जाना चाहिए। उनके इस पोस्ट के बाद साफ हो गया कि इंडियन आइडल से निकाले जाने की खबरें केवल अफवाह थीं। सोशल मीडिया पर फैंस ने भी उनके समर्थन में कमेंट किए और उनकी बेबाकी की तारीफ की।
दरअसल, कुछ समय पहले विशाल ददलानी ने नीट यूजी पेपर लीक विवाद पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि वह उन छात्रों के साथ खड़े हैं जो इस मामले से प्रभावित हुए हैं। विशाल ने कहा था कि हर साल इस तरह की घटनाएं होना गलत है। इससे भी ज्यादा गलत यह है कि कोई सरकारी एजेंसी जिम्मेदारी नहीं ले रही। और सबसे खराब बात यह है कि मंत्री कह रहे हैं कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। विशाल ने लोगों से अपील की थी कि अच्छे और शिक्षित लोगों को सत्ता में लाने के लिए वोट करें।
विशाल ददलानी अपने बेबाक बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। वह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं। इसके अलावा, वह लंबे समय से इंडियन आइडल में जज की भूमिका निभा रहे हैं। म्यूजिक इंडस्ट्री में भी विशाल की बड़ी पहचान है। उनके गाए और कंपोज किए कई गाने सुपरहिट रहे हैं। फैंस उनके संगीत के साथ-साथ उनकी साफगोई को भी काफी पसंद करते हैं।