Rakul Preet Singh Saree Look: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित फिल्म 'रामायण' के 'प्रथम संकल्प' इवेंट में जहां फिल्म की स्टारकास्ट ने अपनी मौजूदगी से समां बांधा, वहीं एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने अपने रॉयल एथनिक लुक से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। नितेश तिवारी की इस मेगा बजट फिल्म में शूर्पणखा का किरदार निभा रहीं रकुल पीले रंग की सिल्क साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं।
रकुल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस उनके ट्रेडिशनल लुक की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इवेंट के बाद रकुल प्रीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक भावुक कैप्शन भी लिखा। एक्ट्रेस ने लिखा कि ऐसी चीज का हिस्सा बनना सम्मान की बात है जो जिंदगी और सिनेमा से भी कहीं बड़ी है। यह हमारी विरासत, हमारा इतिहास और हमारी रामायण है। दुनिया के सामने भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है। आप सभी के इस सफर का हिस्सा बनने का बेसब्री से इंतजार है।
रकुल प्रीत सिंह ने इस खास मौके पर मस्टर्ड येलो सिल्क साड़ी पहनी थी, जिसमें पारंपरिक चेक्स पैटर्न और गोल्डन जरी बॉर्डर देखने को मिला। उन्होंने इस साड़ी को हैवी एम्ब्रॉयडरी वाले स्ट्रैपलेस ब्लाउज के साथ स्टाइल किया। अपने लुक को और खास बनाने के लिए रकुल ने कुंदन चोकर नेकलेस, मैचिंग ईयररिंग्स, कमरबंद, गोल्डन चूड़ियां और रिंग्स पहनीं। मिनिमल मेकअप और हाफ-ओपन हेयरस्टाइल ने उनके एथनिक अवतार में चार चांद लगा दिए। उनका यह रॉयल लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। वहीं रकुल प्रीत सिंह रावण की बहन शूर्पणखा की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में लारा दत्ता, काजल अग्रवाल, विवेक ओबेरॉय समेत कई बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह मेगा फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा।