Prabhas Fauzi Update: साउथ सुपरस्टार प्रभास की अगली फिल्म 'फौजी' को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। साल की शुरुआत में रिलीज हुई उनकी फिल्म 'द राजा साब' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी थी। ऐसे में अब दर्शकों की नजरें उनकी अगली मेगा बजट फिल्म पर टिकी हैं। मेकर्स पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि 'फौजी' 3 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन अक्षय कुमार और अजय देवगन की फिल्मों से भी इसका बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश देखने को मिलेगा। रिलीज डेट के ऐलान के साथ सामने आए पोस्टर ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब फिल्म में प्रभास के किरदार को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभास फिल्म 'फौजी' में एक ऐसे सैनिक का किरदार निभाएंगे, जो आजाद हिंद फौज का हिस्सा होगा।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा स्थापित इस सेना ने भारत की आजादी की लड़ाई में ब्रिटिश शासन के खिलाफ अहम भूमिका निभाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की कहानी 1940 के दशक की ऐतिहासिक घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो दर्शकों को प्रभास पहली बार देशभक्ति और इतिहास से जुड़ी एक दमदार भूमिका में देखने का मौका मिलेगा।
फिल्म के अब तक जारी सभी पोस्टरों में युद्ध का माहौल साफ नजर आता है। कहीं धधकती आग दिखाई देती है तो कहीं युद्ध का मैदान। रिलीज डेट वाले पोस्टर में प्रभास खून से लथपथ नजर आए थे और उनके चारों ओर लाशें बिखरी हुई थीं। पोस्टर पर एक रहस्यमयी स्टाम्प भी दिखाई दिया, जिसमें 'अज्ञात पर्व' और 1932 का जिक्र था। इसके बाद से फैंस लगातार यह अनुमान लगा रहे हैं कि फिल्म की कहानी आजादी के संघर्ष और किसी गुप्त मिशन से जुड़ी हो सकती है।
'फौजी' का निर्देशन हनु राघवपुडी कर रहे हैं, जो भावनात्मक और दमदार कहानियों के लिए जाने जाते हैं। माना जा रहा है कि इस फिल्म में एक्शन, देशभक्ति और इमोशन्स का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा। प्रभास के लिए यह किरदार उनके करियर की सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में से एक माना जा रहा है। हालांकि मेकर्स ने अभी तक कहानी और किरदार को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।