Hema Malini Emotional Post: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया। इस खास मौके पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति भवन में यह सम्मान ग्रहण किया। अवॉर्ड लेते समय हेमा मालिनी बेहद भावुक नजर आईं।
हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि उस पल उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे धरम जी खुद उनका हाथ पकड़कर मंच तक ले जा रहे हों। हेमा मालिनी ने इंस्टाग्राम पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि यह मेरे जीवन का बेहद भावुक और गर्व से भरा पल था। जब मैं मंच की ओर बढ़ रही थी, तब मुझे ऐसा लगा जैसे धरम जी मेरे साथ हैं और मेरा हाथ पकड़कर मुझे वहां तक ले जा रहे हैं।
हेमा मालिनी ने आगे लिखा कि राष्ट्रपति द्वारा दिया गया यह सम्मान सिर्फ धर्मेंद्र के लिए नहीं, बल्कि पूरे परिवार और उनके करोड़ों चाहने वालों के लिए गर्व का क्षण है। हेमा ने कहा कि धर्मेंद्र सिर्फ एक महान अभिनेता ही नहीं, बल्कि बेहद प्यार करने वाले पति, जिम्मेदार पिता और शानदार इंसान थे। उन्होंने आगे लिखा कि पहले हम को-स्टार थे और हमने साथ में कई सुपरहिट फिल्में कीं। बाद में हम जीवनसाथी बने। धरम जी बहुत केयरिंग पति थे। उन्होंने हमेशा परिवार को प्यार और सम्मान दिया।
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी ईशा देओल ने भी सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि हम सभी दिल से चाहते थे कि पापा आज हमारे साथ होते। वह हमेशा की तरह ब्लू सूट और व्हाइट शर्ट में बेहद हैंडसम लगते और इस सम्मान को लेने के लिए किसी बच्चे की तरह उत्साहित होते। ईशा ने बताया कि उनकी मां ने पूरे परिवार की ओर से यह सम्मान स्वीकार किया, जबकि उनकी छोटी बहन अहाना ने अपने पिता के छह बच्चों की तरफ से वहां मौजूद रहकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।