Khesari Lal Yadav On Kajal Raghwani: भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव ने हाल ही में अपने निजी जीवन और एक्ट्रेस काजल राघवानी के साथ हुए विवाद को लेकर खुलकर बात की। एक इंटरव्यू में खेसारी ने अपने जीवन के मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि एक समय ऐसा था जब वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहते थे और मंदिर में बैठकर रोया करते थे।
खेसारी ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें प्यार हुआ था, लेकिन रिश्तों और भावनाओं को लेकर उनकी सोच समय के साथ बदल गई। एक इंटरव्यू के दौरान खेसारी लाल यादव ने कहा कि जीवन में आने वाली परेशानियों से उन्होंने हमेशा कुछ न कुछ सीखा है। उन्होंने बताया कि दो साल पहले वह काफी परेशान रहने लगे थे और अक्सर मंदिरों में जाकर बैठ जाते थे।
खेसारी लाल यादव ने कहा कि उस समय वह खुद से सवाल करते थे कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या गलत किया, जिसकी वजह से उन्हें इतनी तकलीफ झेलनी पड़ रही है। हालांकि बाद में उन्हें एहसास हुआ कि हर व्यक्ति अपने जीवन में किसी न किसी समस्या से गुजरता है और केवल वही अकेले परेशान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने वर्तमान में जीना शुरू किया, तब जीवन को देखने का नजरिया बदल गया।
काजल राघवानी के साथ हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए खेसारी ने कहा कि जिस समय वह उनके लिए सही थीं, आज भी उनके प्रति उनके मन में कोई गलत भावना नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कुछ सवालों के जवाब नहीं होते और वह पुराने विवादों को फिर से चर्चा का विषय नहीं बनाना चाहते। खेसारी ने यह भी बताया कि विवाद के बाद दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।
इंटरव्यू के दौरान प्यार को लेकर पूछे गए सवाल पर खेसारी ने कहा कि उन्हें भी प्यार हुआ था और वह इस बात को छिपाना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि प्यार एक भावना है, लेकिन कई बार यह एक गहरी आदत में बदल जाता है। उन्होंने कहा कि मर्दों को प्यार नहीं होता, आदत लगती है। प्यार कहीं भी हो सकता है, लेकिन आदत हर किसी की नहीं लगती। खेसारी के इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है।