अमजद खान (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
मनोरंजन

Amjad Khan Birth Anniversary: पत्रकार बनने की राह पर थे अमजद खान, फिर एक किरदार ने रातोंरात बना दिया सुपरस्टार

Amjad Khan Sholay Movie Story: 'शोले' में गब्बर सिंह का किरदार पहले डैनी को ऑफर हुआ था। अमजद खान ने सिर्फ 9 सीन से ऐसा जादू चलाया कि गब्बर हिंदी सिनेमा का यादगार विलेन बन गया।

सोनाली झा

Highlights

  • अमजद खान का जन्म 12 नवंबर 1940 को पेशावर में हुआ था।

  • गब्बर सिंह के किरदार के लिए पहली पसंद अमजद खान नहीं, बल्कि डैनी डेन्जोंगपा थे।

  • डैनी ने फिरोज खान की फिल्म 'धर्मात्मा' की शूटिंग के चलते 'शोले' छोड़ दी थी।

Amjad Khan Birth Anniversary Special Story: हिंदी सिनेमा में कुछ किरदार ऐसे हैं, जिन्हें पर्दे पर देखने के दशकों बाद भी दर्शक भूल नहीं पाए हैं। ऐसा ही एक यादगार किरदार है फिल्म 'शोले' का गब्बर सिंह, जिसे अभिनेता अमजद खान ने अपनी दमदार अदाकारी से अमर बना दिया। उनके बोले डायलॉग आज भी लोगों की जुबान पर हैं। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि गब्बर के किरदार के लिए अमजद खान पहली पसंद नहीं थे। इतना ही नहीं, फिल्म में उनके हिस्से सिर्फ 9 सीन आए थे, लेकिन इन चंद दृश्यों ने उन्हें हिंदी सिनेमा का यादगार विलेन बना दिया।

अमजद खान का जन्म 12 नवंबर 1940 को पेशावर में हुआ था। उनके पिता जकरिया खान, जिन्हें अभिनेता जयंत के नाम से जाना जाता था, फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम थे। अमजद खान ने अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। वह सिर्फ बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि पढ़ाई में भी काफी होशियार थे। उनके बेटे शादाब खान के मुताबिक, अमजद मुंबई यूनिवर्सिटी में पर्शियन भाषा के टॉपर थे। उन्हें हिंदी, उर्दू और पर्शियन भाषाओं का अच्छा ज्ञान था। बताया जाता है कि 'शोले' से पहले वह पत्रकारिता के क्षेत्र में भी काम कर रहे थे।

अमजद खान

डैनी को ऑफर हुआ था गब्बर का किरदार

फिल्म 'शोले' में गब्बर सिंह का किरदार पहले अमजद खान को नहीं, बल्कि अभिनेता डैनी डेन्जोंगपा को ऑफर किया गया था। फिल्म के निर्देशक रमेश सिप्पी ने एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था। डैनी ने इस किरदार के लिए हामी भी भर दी थी, लेकिन उस समय वह फिरोज खान की फिल्म 'धर्मात्मा' की शूटिंग में व्यस्त थे। दोनों फिल्मों की तारीखें एक साथ होने के कारण उनके लिए 'शोले' में काम करना मुश्किल हो गया। इसके बाद गब्बर सिंह के किरदार के लिए अमजद खान को चुना गया।

सिर्फ 9 सीन में छा गए थे अमजद खान

'शोले' में अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, संजीव कुमार, हेमा मालिनी और जया बच्चन जैसे बड़े सितारे मौजूद थे। इसके बावजूद अमजद खान ने अपने छोटे से रोल से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। फिल्म में उनके हिस्से केवल 9 सीन आए थे, लेकिन उनकी आवाज, अंदाज और दमदार डायलॉग ने गब्बर को फिल्म का सबसे चर्चित किरदार बना दिया। 'कितने आदमी थे?' जैसे डायलॉग आज भी लोकप्रिय हैं।

दिलचस्प बात यह है कि गब्बर सिंह की सफलता के बाद भी अमजद खान को खुद को सिर्फ विलेन कहलाना पसंद नहीं था। उन्होंने अपने अभिनय से साबित किया कि किसी किरदार की लोकप्रियता उसके स्क्रीन टाइम की मोहताज नहीं होती। साल 1992 में दुनिया को अलविदा कहने वाले अमजद खान आज भी गब्बर सिंह के नाम से दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं।

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, जंतर-मंतर बंद करने पर उठाए सवाल; बोले- हमारी आवाज दबाई जा रही

भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य श्रेणियां, आवेदन फॉर्म भी 70% तक हुए छोटे

MODI कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: विश्वस्तरीय संग्रहालय से युवा स्टार्टअप तक, सरकार के बड़े ऐलान

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज