Highlights
अमिताभ बच्चन कुछ दिनों के ब्रेक के बाद KBC के सेट पर लौट आए हैं।
बिग बी ने 10 तारीख से शो की शूटिंग दोबारा शुरू कर दी है।
सोनी टीवी ने KBC के नए एपिसोड्स का भावुक प्रोमो जारी किया है।
कंटेस्टेंट के सेहत पूछने पर अमिताभ ने कहा, 'अगर आप ठीक हैं तो हम भी ठीक हैं।
इस सोमवार से सोनी टीवी और सोनी लिव पर KBC के नए एपिसोड प्रसारित होंगे।
Amitabh Bachchan Health Update: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने पसंदीदा क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर लौट आए हैं। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते शो की शूटिंग पर भी ब्रेक लग गया था। हालांकि, अब बिग बी पूरी तरह स्वस्थ होकर सेट पर वापस आ गए हैं।
सोनी टीवी ने उनके नए एपिसोड्स का एक खास प्रोमो भी जारी किया है, जिसमें अमिताभ बच्चन पहले की तरह पूरे जोश और मुस्कान के साथ दर्शकों का स्वागत करते नजर आ रहे हैं। उनके इस वीडियो को देखकर फैंस भी काफी खुश हैं। सोनी टीवी की ओर से जारी नए प्रोमो की शुरुआत एक खास घोषणा के साथ होती है, जिसमें कहा जाता है कि लौट रहे हैं शहंशाह एक बार फिर से कौन बनेगा करोड़पति के नए एपिसोड्स के साथ।
प्रोमो में आगे दिखाया गया है कि लाल रंग की खूबसूरत एम्ब्रॉयडरी वाली जैकेट पहने अमिताभ बच्चन दौड़ते हुए मंच पर आते हैं और दर्शकों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हैं। बिग बी कहते हैं कि उम्मीद है कि आप सबकी दिवाली बड़ी शानदार रही होगी। हमने भी अपनों के साथ दिवाली मनाई, लेकिन हमारा एक और घर भी तो है, केबीसी का यह मंच। उनका यह अंदाज देखकर साफ है कि वह एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने के लिए उत्साहित हैं।
प्रोमो का सबसे भावुक पल तब आता है, जब हॉट सीट पर बैठा एक कंटेस्टेंट अमिताभ बच्चन से उनकी सेहत के बारे में सवाल करता है। वह पूछता है कि आपकी तबीयत ठीक नहीं थी, अब आप कैसे हैं सर? इस पर अमिताभ बच्चन मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं कि मैं ठीक हूं सर अगर आप ठीक हैं तो हम भी ठीक हैं। आप सबके प्यार, दुआओं और आशीर्वाद से हम यहां पर फिर से हाजिर हैं। उसी जोश, उसी मुस्कान और बिल्कुल नए एपिसोड्स के साथ, इस सोमवार।
अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब होने की खबर के बाद उनके प्रशंसक लगातार उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे थे। अब उन्होंने 10 तारीख से शो की शूटिंग दोबारा शुरू कर दी है। इससे पहले उनकी वापसी को लेकर एक्सक्लूसिव जानकारी सामने आई थी, जिस पर अब नए प्रोमो ने मुहर लगा दी है।
अब इस सोमवार से 'कौन बनेगा करोड़पति' के नए एपिसोड सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होंगे। बिग बी को एक बार फिर मंच पर देखकर उनके चाहने वालों का उत्साह बढ़ गया है।