Ajay Devgn Crime Patrol Fees: छोटे पर्दे पर बॉलीवुड के बड़े सितारों की मौजूदगी हमेशा से दर्शकों के लिए खिचांव का केंद्र रही है। इसी कड़ी में अब एक और एक्टर का नाम जुड़ चुका है। हिंदी सिनेमा में अपनी गंभीर एक्टिंग और एक्शन के लिए जाने जाने वाले एक्टर अजय देवगन ने टेलीविजन की दुनिया में कदम रख दिया है। उन्होंने फेमस अपराध-आधारित शो 'क्राइम पेट्रोल' के नए सीजन के साथ बतौर होस्ट अपनी नई पारी की शुरुआत की है। 15 एपिसोड के इस खास प्रोजेक्ट के लिए उन्हें दी जा रही भारी-भरकम राशि ने पूरी इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है, लेकिन इतनी मोटी रकम के बाद भी वे छोटे पर्दे के सबसे महंगे होस्ट की गद्दी हासिल करने से चूक गए हैं।
सोनी टीवी के पॉपुलर शो 'क्राइम पेट्रोल' का नया सीजन हाल ही में ऑन-एयर हुआ है। इस शो के जरिए दर्शकों को अपराध के प्रति जागरूक करने की एक पुरानी परंपरा रही है। खबरों के अनुसार अजय देवगन ने इस शो के 15 एपिसोड्स का लगभग 90 करोड़ रुपये की बड़ी फीस तय की है। अगर प्रति एपिसोड के हिसाब से देखा जाए तो यह रकम बेहद चौंकाने वाली है। इस शो के जरिए वह दर्शकों को डरने के बजाय सतर्क रहने और अपने आसपास के माहौल को समझने का मैसेज दे रहे हैं।
इतनी बड़ी रकम हासिल करने के बाद भी अजय देवगन टीवी पर सबसे ज्यादा फीस लेने वाले होस्ट का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए हैं। यह ऑल-टाइम रिकॉर्ड आज भी बॉलीवुड के 'दबंग' यानी सलमान खान के नाम दर्ज है। सलमान खान पिछले 15 सालों से भी ज्यादा समय से रियलिटी शो 'बिग बॉस' को होस्ट कर रहे हैं। शो की बढ़ती पॉपुलेरिटी के साथ उनकी फीस में भी लगातार इजाफा हुआ है। एक दौर ऐसा भी आया जब 4 महीने के लंबे सीजन के लिए सलमान खान ने करीब 250 करोड़ रुपये तक की ऐतिहासिक फीस वसूल की थी।
टेलीविजन पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाले स्टार्स की लिस्ट में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी काफी आगे हैं। 'कौन बनेगा करोड़पति' के नए सीजन के लिए उन्हें 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की फीस मिलती रही है। इस तरह 90 करोड़ रुपये की फीस के साथ अजय देवगन अब इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं गैर-कलाकारों में करण जौहर 'कॉफी विद करण' के लिए करीब 25 करोड़ रुपये और फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी 'खतरों के खिलाड़ी' के लिए 12 से 14 करोड़ रुपये की फीस लेकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हैं।
साल 2003 में अपनी शुरुआत के बाद से 'क्राइम पेट्रोल' ने टीवी इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है। लंबे समय तक एक्टर अनूप सोनी इस शो की मुख्य पहचान बने रहे। उनके अलावा साक्षी तंवर, आशुतोष राणा, दिव्यांका त्रिपाठी, सोनाली कुलकर्णी और रेणुका शहाणे जैसे कई स्थापित कलाकारों ने समय-समय पर इसकी कमान संभाली है। अब अजय देवगन की एंट्री से शो का स्तर और ऊंचा हुआ है।