स्टॉल से चोरी हुए कीमती AI डिवाइस, फोटो- सोशल मीडिया 
दिल्ली

दिल्ली AI समिट में सुरक्षा की खुली पोल: PM मोदी के आने से पहले स्टॉल से चोरी हुए कीमती AI डिवाइस

Delhi AI Summit Theft: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। बेंगलुरु के एक स्टार्टअप सीईओ ने दावा किया है कि हाई-सिक्योरिटी जोन से उनके एआई वियरेबल्स चोरी हो गए हैं।

प्रतीक पाण्डेय

Bharat Mandapam Security Breach: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में जहां दुनिया भर के टेक दिग्गज एआई के भविष्य पर मंथन कर रहे हैं, वहीं एक शर्मनाक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 'नियोसेपियन' (NeoSapien) कंपनी के सीईओ धनंजय यादव का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से ठीक पहले उनके स्टॉल से कीमती एआई डिवाइस गायब हो गए।

'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' देश के सबसे हाई-प्रोफाइल इवेंट्स में से एक है, जिसमें गूगल के सीईओ सुंदर पिचई, माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स और ओपन एआई के सैम ऑल्टमैन जैसे दिग्गज शामिल हो रहे हैं। लेकिन इस गौरवशाली पल के बीच, बेंगलुरु के उद्यमी धनंजय यादव के लिए समिट का पहला दिन किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ। धनंजय की कंपनी 'नियोसेपियन' एआई वियरेबल डिवाइसेज बनाती है, जो बातचीत को ट्रैक करने और भावनाओं के विश्लेषण में सक्षम हैं।

PM मोदी के आगमन से पहले खाली कराया गया था बूथ

घटना के विवरण के अनुसार, 16 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन होना था। इससे पहले दोपहर 12 बजे सुरक्षाकर्मी पूरे एक्सपो एरिया की गहन जांच कर रहे थे। धनंजय यादव ने बताया कि उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों को जानकारी दी थी कि उनकी कंपनी ने भारत में पहली बार पेटेंटेड एआई वियरेबल बनाए हैं और वे उन्हें प्रदर्शित करने के लिए उत्साहित थे। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों के बीच समन्वय की कमी दिखी और यादव को तुरंत वहां से जाने को कहा गया। जब उन्होंने अपने डिवाइस साथ ले जाने की बात कही, तो उन्हें कथित तौर पर आश्वासन दिया गया कि सुरक्षाकर्मी वहां मौजूद रहेंगे और सामान पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।

6 घंटे बाद मिले खाली पैकेट: CEO ने सुरक्षा पर उठाए सवाल

सुरक्षाकर्मियों के आश्वासन पर भरोसा कर धनंजय यादव अपना सामान वहीं छोड़कर चले गए। करीब 6 घंटे तक समिट एरिया के गेट बंद रहे, जहां केवल सुरक्षाकर्मियों को जाने की अनुमति थी। लेकिन जब यादव वापस अपने बूथ पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। उनके कीमती एआई वियरेबल्स गायब थे और वहां केवल खाली पैकेट पड़े थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर खाली पैकेटों की तस्वीर शेयर करते हुए अपना दुख जताया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उस एरिया में केवल सुरक्षाकर्मी ही मौजूद थे, तो यह चोरी कैसे संभव हुई?

धनंजय यादव का छलका दर्द, बोले- निराश हूं

धनंजय यादव ने अपनी पोस्ट में समिट के प्रति उत्साह और फिर मिली इस निराशा का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि इस इकोसिस्टम और सरकार के प्रयासों का समर्थन करने के लिए उन्होंने फ्लाइट टिकट, होटल और माल ढुलाई पर भारी खर्च किया था, लेकिन हाई-सिक्योरिटी जोन से सामान का गायब होना बेहद परेशान करने वाला है।

उन्होंने इस पूरी घटना को 'हैरान और शर्मसार' करने वाला बताया है। अभी तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर पुलिस या आयोजकों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इस घटना ने इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन की सुरक्षा तैयारियों पर गंभीर दाग लगा दिया है।

Ganesh Chaturthi 2026: आंध्र प्रदेश में सभी गणेश पंडालों को मिलेगी मुफ्त बिजली, नारा लोकेश का बड़ा ऐलान

राजनाथ सिंह ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति से की मुलाकात, सुरक्षा-शांति का दोहराया संकल्प, अहम मुद्दों पर बनी सहमति

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, सेवा संकल्प अभियान चलाएगी BJP, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी पर जोर

BRS के कई विधायक सस्पेंड, सदन में नारेबाजी और हंगामे पर स्पीकर का एक्शन; तेलंगाना में कई नेताओं पर FIR

हिम्मत कैसे हुई मजिस्ट्रेट की? कॉकरोच को 5 लाख का नोटिस देने पर भड़के CJI, अधिकारियों को लगाई फटकार