सोनम वांगचुक (सोर्स-सोशल मीडिया) 
दिल्ली

18 दिन से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक के मामले में हाई कोर्ट का दखल, केंद्र और दिल्ली सरकार को नोटिस

Delhi High Court On Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक के 18 दिन से जारी अनशन पर दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार से जवाब मांगा है। अदालत ने मामले को अर्जेंट बताते हुए जल्द सुनवाई के निर्देश दिए।

अनन्या तिवारी

Delhi High Court Seeks Reply On Sonam Wangchuk Hunger Strike: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के लंबे समय से जारी अनशन को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया है। अदालत ने मामले को बेहद गंभीर और तत्काल सुनवाई योग्य मानते हुए  केंद्र और राज्य सरकारों से गुरुवार सुबह तक जवाब देने का निर्देश दिया है।

अनशन खत्म कराने की मांग को लेकर दायर हुई याचिका

सोनम वांगचुक के अनशन को समाप्त कराने और उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिका एडवोकेट राकेश कुमार सैनी ने दायर की है।

याचिकाकर्ता ने अदालत से आग्रह किया कि वांगचुक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया जाए, उनका उचित इलाज सुनिश्चित किया जाए और अनशन खत्म कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

हाई कोर्ट ने मामले को बताया 'अर्जेंट'

चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि मामला अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है। अदालत ने कहा कि केंद्र सरकार का पक्ष सामने आना जरूरी है, इसलिए इस मामले की सुनवाई अगले ही दिन की जाएगी।

कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए गुरुवार सुबह तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।

सरकार की ओर से कोई नहीं हुआ पेश

सुनवाई के दौरान केंद्र और दिल्ली सरकार की ओर से कोई वकील अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक, हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से किए गए बहिष्कार (बायकॉट) के कारण सरकारी पक्ष की ओर से कोई पेश नहीं हो सका।

इसके बाद अदालत ने अपने आदेश की प्रति अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल और दिल्ली सरकार के वकील को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

18 दिनों से जारी है अनशन 

सोनम वांगचुक पिछले 18 दिनों से अनशन पर हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान उनका वजन करीब 8 किलो तक कम हो चुका है। उनकी शारीरिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है और उन्हें सामान्य रूप से चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है।

उनका अनशन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन का हिस्सा है, जहां वे 28 जून से लगातार धरने पर बैठे हैं।

कई नेताओं ने की अनशन खत्म करने की अपील

सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए कई राजनीतिक नेताओं ने उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रह चुकीं ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कई नेताओं ने उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की सलाह दी है।

पिछले कुछ दिनों में जंतर-मंतर पर नेताओं और समर्थकों की आवाजाही भी बढ़ी है।

अब हाई कोर्ट की सुनवाई पर टिकी नजर

मामले में अब सभी की नजर दिल्ली हाई कोर्ट की अगली सुनवाई पर है। अदालत के निर्देश के बाद केंद्र और दिल्ली सरकार को अपना पक्ष रखना होगा। वहीं, सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर भी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

6 साल में 41 मासूमों की मौत; अमरावती से झांसी तक अस्पताल बने आग का गोला, लेकिन एक भी दोषी को नहीं हुई सजा

मनुस्मृति पर राहुल गांधी के बयान पर भड़के जगद्गुरु अविमुक्तेश्वरानंद, कहा- हिंदू धर्म विरोधी मानसिकता त्यागें

जहरीला धतूरा बेच रहे थे अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट, FSDA ने सस्पेंड किया फूड लाइसेंस, हड़कंप

आपका धर्म पारसी है,अन्य धर्मों पर टिप्पणी करने का हक नहीं, राहुल गांधी पर सांसद निशिकांत दुबे का जुबानी हमला

मनुस्मृति पर राहुल गांधी का वार, निशिकांत दुबे ने किया पलटवार; फिर चर्चा में आया आंबेडकर का विरोध