Satya Niketan Building Collapse ABVP Protest: सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने MCD के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रविवार को ABVP कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के सिविक सेंटर स्थित MCD कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यालय में तोड़फोड़ भी की गई।
ABVP कार्यकर्ता हादसे के लिए MCD की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इमारत से जुड़े सुरक्षा मानकों और कार्रवाई को लेकर प्रशासन की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने ABVP के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी को हिरासत में लिया। पुलिस की ओर से प्रदर्शन के दौरान हुई तोड़फोड़ और अन्य घटनाओं को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद जहां बचाव अभियान जारी है, वहीं अब इस घटना को लेकर प्रशासनिक जवाबदेही का मुद्दा भी गरमा गया है। ABVP ने MCD के खिलाफ अपना विरोध तेज करने के संकेत दिए हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि सत्य निकेतन में आज हुई घटना के विरोध में लगभग 150-200 ABVP छात्र सिविक सेंटर पर जमा हुए। प्रदर्शनकारी गेट नंबर 5 से सिविक सेंटर में दाखिल हुए और मुख्य इमारत के बाहर बैठकर MCD के कामकाज के खिलाफ नारेबाज़ी और विरोध-प्रदर्शन करने लगे।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद, कुछ प्रदर्शनकारियों ने सिविक सेंटर की मुख्य इमारत में ज़बरदस्ती घुसने की कोशिश की, जिससे पुलिसकर्मियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की हुई। लगभग 15 छात्रों को हिरासत में लेकर कमला मार्केट पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहाँ उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। बाकी भीड़ को पुलिस ने हटा दिया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
सत्य निकेतन इलाके में रविवार को इमारत ढहने के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई छात्रों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। एनडीआरएफ और दिल्ली पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। बचावकर्मियों की कोशिश है कि मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।