अवैध पटाखों के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई।
शहरवासियों की जान-माल की सुरक्षा बनी रहे।
बिना वैध लाइसेंस के पटाखा बेचना पूरी तरह से प्रतिबंधित।
वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर पालिका, राजस्व व पुलिस प्रशासन की टीम रही उपस्थित।
Illegal firecrackers in Bhatapara : दीपावली पर्व के मद्देनजर जनसुरक्षा सुनिश्चित करने और आगजनी जैसी अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए भाटापारा में नगर पालिका परिषद एवं राजस्व प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्यामा पटेल के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों और बाजारों में औचक निरीक्षण कर नियमों के विपरीत पटाखों की बिक्री एवं भंडारण करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान बिना वैध लाइसेंस, निर्धारित स्थल के बाहर और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर बेचे जा रहे पटाखों की बड़ी खेप जब्त की गई।
निरीक्षण के दौरान घनी आबादी और मुख्य बाजार क्षेत्रों में पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करने वाले विक्रेताओं पर कार्रवाई की गई। वहीं, निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में रखे गए पटाखों को भी प्रशासन ने अपने कब्जे में लेकर सील किया गया, ताकि शहरवासियों की जान-माल की सुरक्षा बनी रहे।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थल लोकोत्सव मैदान पर ही की जाएगी। घनी आबादी वाले बाजारों, रिहायशी इलाकों या बिना वैध लाइसेंस के पटाखा बेचना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। प्रशासन द्वारा समस्त पटाखा व्यापारियों एवं विक्रेताओं से अपील की गई है कि वे सुरक्षा मानकों (जैसे अग्निशामक यंत्र, रेत की बाल्टियां व पानी की व्यवस्था) का अनिवार्य रूप से पालन करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियम विरुद्ध या अवैध रूप से पटाखे बेचने और भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संयुक्त कार्रवाई अभियान में तहसीलदार यशवंत राज, नायब तहसीलदार कुलदीप पटेल, थाना प्रभारी अमित पाटले, राजस्व प्रभारी देवा बंजारे, काम्प्लेक्स प्रभारी गंजहंस ठाकुर, विकास वैष्णव, सौरभ ठाकुर, केशव वैष्णव, गजेन्द्र ठाकुर, हेमकुमार साहू, सचिन मसीह, प्रतीक साहू, देवेन्द्र गुप्ता, मनीष राठौर सहित नगर पालिका, राजस्व व पुलिस प्रशासन की पूरी टीम उपस्थित रही।