UKPSC Jobs 2026 : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत टैक्स एवं राजस्व निरीक्षक (Tax and Revenue Inspector) के 29 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे स्नातक पास युवाओं के लिए यह एक अच्छा अवसर है।
आयोग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह लिखित परीक्षा के आधार पर होगी और सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास विभाग में की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले उम्मीदवारों को पात्रता, आयु सीमा और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
इस भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं, जिन उम्मीदवारों ने प्रादेशिक सेना (Territorial Army) में कम से कम दो वर्ष की सेवा की है या उनके पास एनसीसी (NCC) का ‘B’ या ‘C’ प्रमाणपत्र है, उन्हें समान परिस्थितियों में वरीयता दी जाएगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, उत्तराखंड ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 166.36 रुपये निर्धारित किया गया है। उत्तराखंड के एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 76.36 रुपये, दिव्यांग उम्मीदवारों को 16.36 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि उत्तराखंड के अनाथ बच्चों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आयु सीमा में उत्तराखंड के एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को 5 वर्ष, दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों और पूर्व सैनिकों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।
ये खबर भी पढ़ें : RRB ALP Recruitment 2026: 11,127 पदों के लिए 8.40 लाख आवेदन, जानें किस रेलवे भर्ती बोर्ड में सबसे ज्यादा फॉर्म
ऑनलाइन आवेदन के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले UKPSC के ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर नया पंजीकरण करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी। निर्धारित प्रारूप में पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा।
भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के जरिए किया जा सकता है। अंतिम सबमिशन से पहले उम्मीदवार सभी जानकारियों की जांच जरूर कर लें। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रखना जरूरी होगा।