NTA Group B Jobs : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने ग्रुप A और ग्रुप B के विभिन्न पदों पर प्रतिनियुक्ति (Deputation) और फॉरेन सर्विस टर्म्स के आधार पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 9 पद भरे जाएंगे, जिनमें 3 पद जॉइंट डायरेक्टर, 1 पद रिसर्च साइंटिस्ट 'सी', 2 पद डिप्टी डायरेक्टर, 2 पद असिस्टेंट डायरेक्टर और 1 पद सीनियर सुपरिंटेंडेंट/सीनियर सुपरिंटेंडेंट (अकाउंट्स) का शामिल है।
इच्छुक और पात्र अधिकारी 7 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। शुरुआती नियुक्ति तीन वर्ष के लिए होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है। चयनित अधिकारियों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन और अन्य सरकारी भत्तों का लाभ मिलेगा। जॉइंट डायरेक्टर और रिसर्च साइंटिस्ट 'सी' पदों पर अधिकतम 2.09 लाख रुपये प्रति माह तक वेतन दिया जाएगा।
यह भर्ती केवल केंद्र सरकार, राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, अखिल भारतीय सेवाओं, सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs), स्वायत्त संस्थानों और सांविधिक निकायों में कार्यरत अधिकारियों के लिए है।
फ्रेशर्स या सामान्य उम्मीदवार इसके लिए आवेदन नहीं कर सकते। आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्मीदवार की अधिकतम आयु 56 वर्ष होनी चाहिए। जॉइंट डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर पदों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री आवश्यक है, जबकि प्रशासनिक या परीक्षा प्रबंधन का अनुभव रखने वालों को प्राथमिकता मिलेगी।
रिसर्च साइंटिस्ट 'सी' पद के लिए संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ परास्नातक और पीएचडी अनिवार्य है। वहीं सीनियर सुपरिंटेंडेंट (अकाउंट्स) पद के लिए स्नातक डिग्री, कार्यालय कार्य, कंप्यूटर अनुप्रयोग और लेखा या प्रशासनिक अनुभव जरूरी है।
ये खबर भी पढ़ें : UKPSC Vacancy 2026: उत्तराखंड में टैक्स और राजस्व निरीक्षक के 29 पदों पर भर्ती, ग्रेजुएट्स के लिए सुनहरा मौका
इस भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग के बाद योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा और अंतिम चयन इंटरव्यू तथा दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड करना होगा और उसे अपने पैरेंट विभाग के माध्यम से उचित चैनल (Proper Channel) से भेजना होगा।
भरे हुए आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र, एनओसी, सतर्कता एवं प्रशासनिक क्लियरेंस, पिछले पांच वर्षों की एपीएआर रिपोर्ट और इंटीग्रिटी सर्टिफिकेट संलग्न कर डाक के माध्यम से एनटीए के प्रशासन निदेशक, ओखला इंडस्ट्रियल एस्टेट, नई दिल्ली स्थित कार्यालय भेजना होगा। आवेदन की एक प्रति ईमेल के जरिए भी भेजनी होगी। अधूरे या अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।