HPRCA Vacancy : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने स्वास्थ्य क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए बड़ी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। आयोग ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स (ASN) के कुल 312 पदों पर योग्य महिला उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी HPRCA की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। भर्ती में सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस समेत सभी वर्गों के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं। सबसे अधिक 112 पद सामान्य वर्ग के लिए हैं। यह भर्ती केवल महिला उम्मीदवारों के लिए है, इसलिए पुरुष अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर सकेंगे।
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाली उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएससी नर्सिंग में कम से कम 50 प्रतिशत अंक या जीएनएम (ए ग्रेड नर्सिंग डिप्लोमा) में 50 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार का हिमाचल प्रदेश का बोनाफाइड निवासी होना और एचपीएनआरसी (HPNRC), शिमला में पंजीकरण होना अनिवार्य है।
आयु सीमा 1 जनवरी 2026 के अनुसार 21 से 45 वर्ष तय की गई है। चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) या 120 अंकों की लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा के आधार पर होगा। परीक्षा की अवधि 1 घंटा 30 मिनट होगी। आयोग जरूरत पड़ने पर चयन का कोई अन्य उपयुक्त तरीका भी अपना सकता है।
ये खबर भी पढ़ें : DRDO SSPL में JRF और Research Associate की भर्ती, बिना परीक्षा होगा चयन; ₹67,000 तक मिलेगी फेलोशिप
आवेदन शुल्क की बात करें तो सभी उम्मीदवारों को 100 रुपये परीक्षा शुल्क और 700 रुपये प्रोसेसिंग शुल्क यानी कुल 800 रुपये जमा करने होंगे। यदि आवेदन में किसी प्रकार का संशोधन करना होगा तो इसके लिए 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले HPRCA की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर जाकर पंजीकरण करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें, आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें तथा ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करें।
सभी विवरणों की जांच करने के बाद आवेदन पत्र जमा करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें। यह भर्ती हिमाचल प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में करियर बनाने की इच्छुक महिला उम्मीदवारों के लिए एक अच्छा अवसर मानी जा रही है।