HPPSC Police Constable Vacancy : हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहे होमगार्ड अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने होमगार्ड उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में 5 साल की एकमुश्त छूट देने का फैसला किया है। आयोग ने 21 अगस्त 2026 को जारी शुद्धि-पत्र के जरिए इसकी जानकारी दी है।
आयु सीमा में छूट के साथ भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख भी बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक उम्मीदवार 5 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन लिंक निष्क्रिय कर दिया जाएगा। यह छूट पुलिस कांस्टेबल पुरुष और महिला पदों के लिए जारी संबंधित भर्ती विज्ञापनों के तहत लागू होगी।
यह फैसला हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग की ओर से 20 अगस्त 2026 को जारी आदेश के आधार पर लिया गया है। पुलिस कांस्टेबल भर्ती के इस अभियान के जरिए कुल 734 पद भरे जाने हैं। इनमें 491 पद पुरुष कांस्टेबल और 243 पद महिला कांस्टेबल के लिए हैं।
होमगार्ड अभ्यर्थियों को दी गई आयु सीमा में छूट का लाभ लेने के लिए उन्हें भर्ती की अन्य पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि उम्र में छूट के अलावा भर्ती से जुड़े बाकी नियम और शर्तें पहले जारी विज्ञापन के अनुसार ही लागू रहेंगी।
जिन उम्मीदवारों ने पहले ही इस भर्ती के लिए सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। नए पात्र उम्मीदवार अब बढ़ी हुई समयसीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले HPPSC की ओर से जारी शुद्धि-पत्र और मूल भर्ती विज्ञापन में दी गई पात्रता, आयु सीमा और अन्य शर्तों को अच्छी तरह जांच लें। आवेदन की अंतिम तारीख 5 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे है, इसलिए अंतिम समय में वेबसाइट पर तकनीकी परेशानी से बचने के लिए उम्मीदवार समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।