CBSE Complaint Delhi Police : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर लगातार हुए साइबर हमलों का मामला अब दिल्ली पुलिस तक पहुंच गया है। बोर्ड ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस की इंटेलीजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह पोर्टल उन छात्रों के लिए तैयार किया गया था जो बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अपने अंकों के पुनर्मूल्यांकन या सत्यापन के लिए आवेदन करना चाहते हैं। पोर्टल को लेकर तकनीकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी सवालों के बीच सीबीएसई ने चार दिनों तक सुधार कार्य करने के बाद 2 जून को इसे दोबारा सक्रिय किया था।
सीबीएसई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पोर्टल को जानबूझकर निशाना बनाते हुए कई साइबर हमले किए गए। बोर्ड के अनुसार पिछले तीन दिनों में बड़ी संख्या में संदिग्ध ट्रैफिक और हमलों की कोशिशें दर्ज की गईं। इनमें देश के साथ-साथ विदेशों से भी कई आईपी एड्रेस शामिल थे।
बोर्ड का कहना है कि हमलावरों का मुख्य उद्देश्य पोर्टल की सेवाओं को बाधित करना और उसे ठप करना था, ताकि छात्रों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़े। हालांकि सीबीएसई ने दावा किया कि उसकी सुरक्षा प्रणाली पहले से ही ऐसे हमलों से निपटने के लिए तैयार थी और हमलों के बावजूद पोर्टल को पूरी तरह बंद नहीं होने दिया गया।
ये खबर भी पढ़ें : Delhi Police HCM Result 2026: हेड कॉन्स्टेबल मिनिस्ट्रियल रिजल्ट जारी, देखें कैटेगरी वाइज कटऑफ
सीबीएसई बोर्ड ने कहा कि री-इवैल्यूएशन पोर्टल लाखों छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसकी सेवाओं में बाधा आने से व्यापक स्तर पर परेशानी और असंतोष की स्थिति बन सकती थी। इसी वजह से मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
अब दिल्ली पुलिस की विशेष साइबर जांच इकाई हमलों के स्रोत, इस्तेमाल किए गए आईपी एड्रेस और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश करेगी। सीबीएसई ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें।