केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (सोर्स - सोशल मीडिया) 
बिज़नेस

'हम समझौते के बेहद करीब', भारत और यूरोपीय संघ के बीच FTA पर बोले पीयूष गोयल

पीयूष गोयल स्वीडन की अपनी आधिकारिक यात्रा पर यहां पहुंचे हैं। इस यात्रा के दौरान वह दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए स्वीडन के अपने समकक्ष तथा कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

मनोज आर्या

स्टॉकहोम: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के लिए गैर-शुल्क बाधाओं का समाधान ढूंढना महत्वपूर्ण है और दोनों पक्ष इन मुद्दों के समाधान के लिए सक्रियता से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के लिए वार्ता को अंतिम रूप देने के काफी' करीब हैं। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमारे बीच महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। आधे से अधिक समझौते तैयार हैं।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि भारत और यूरोपीय संघ दोनों पक्षों की कंपनियों के लिए कारोबार को सुचारू बनाने के समाधान ढूंढने के लिए सक्रिय रूप से चर्चा कर रहे हैं। देश जब तक यह नहीं समझते कि व्यापार में अत्यधिक रेगुलेश एवं बाधाओं का जवाब, जवाबी कार्रवाई से दिया जाएगा तब तक सभी को नुकसान होगा। हम ज्यादा से ज्यादा रेगुलेशन को समाप्त करने और गैर-शुल्क बाधाओं और मुक्त व्यापार में आने वाली बाधाओं का समाधान खोजने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि हम इस समस्या का बहुत मजबूत समाधान खोज लेंगे।

आधिकारिक यात्रा पर स्वीडन पहुंचे हैं पीयूष गोयल

पीयूष गोयल स्वीडन की अपनी आधिकारिक यात्रा पर यहां पहुंचे है। इस यात्रा के दौरान वह दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए स्वीडन के अपने समकक्ष तथा कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। स्वीडन 27 देशों वाले यूरोपीय संघ का सदस्य है। भारत के मिर्च, चाय, बासमती चावल, दुग्ध, मुर्गी, गोजातीय मांस, मछली, रसायन उत्पाद को यूरोपीय संघ में निर्यात के समय नियमित रूप से उच्च अवरोधों का सामना करना पड़ता है। कार्बन सीमा समायोजन तंत्र (सीबीएएम) पर गोयल ने कहा कि यह उपाय अच्छा नहीं है क्योंकि यह भी एक तरह का गैर-शुल्क अवरोध है। उन्होंने कहा कि यदि यह कार्बन कर लगाया गया तो यह भारतीय उद्योग के साथ अन्याय होगा। यदि यूरोपीय संघ ऐसा कोई कदम उठाएगा तो भारत को उसका जवाब देना होगा।

कार्बन टैक्स लगाना ठीक नहीं

गोयल ने कहा कि एफटीए वार्ता अच्छे माहौल में हो रही है और भारतीय वस्तुओं पर कार्बन कर लगाना ठीक नहीं होगा। इस मुद्दे पर बातचीत जारी है ताकि इससे निपटने के तरीके खोजे जा सकें। इस पर कुछ अच्छे समाधान निकलेंगे। भारत और 27 देशों के यूरोपीय संघ के बीच आठ साल से अधिक समय के अंतराल के बाद जून 2022 में वार्ता फिर से शुरू हुई। बाजारों को खोलने के स्तर पर मतभेदों के कारण 2013 में यह वार्ता रुक गई थी। वित्त वर्ष 2024-25 में यूरोपीय संघ के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार 136.4 अरब अमेरिकी डॉलर (निर्यात 75.75 अरब अमेरिकी डॉलर, आयात 60.65 अरब अमेरिकी डॉलर) था जिससे यह भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया।

यूरोपीय संघ का बाजार भारत के कुल निर्यात का लगभग 17 प्रतिशत है, जबकि भारत को यूरोपीय संघ का निर्यात उसके कुल निर्यात का नौ प्रतिशत है। भारत में यूरोपीय संघ के निवेश का मूल्य 117 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है, जिसमें लगभग 6,000 यूरोपीय कंपनियां भारत में मौजूद हैं। यूरोपीय संघ में भारत के निवेश का मूल्य करीब 40 अरब अमेरिकी डॉलर है।

एजेंसी इनपुट के साथ-

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, जंतर-मंतर बंद करने पर उठाए सवाल; बोले- हमारी आवाज दबाई जा रही

भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य श्रेणियां, आवेदन फॉर्म भी 70% तक हुए छोटे

MODI कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: विश्वस्तरीय संग्रहालय से युवा स्टार्टअप तक, सरकार के बड़े ऐलान

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज