नई दिल्ली : घर खरीदने की ही तरह हर किसी का अपनी कार खरीदने का भी सपना होता है। अगर आप भी अपने इस सपने को साकार करना चाहते हैं, तो ये खबर आपके लिए काफी अहम साबित हो सकती है। ऑटोमोबाइल सेक्टर की बड़ी कार कंपनियों में से एक मारुति सुजुकी ने सोमवार को एक जरूरी जानकारी दी है। इसमें कंपनी ने बयान दिया है कि वे कच्चे माल की बढ़ती लागत को कम करने के लिए अप्रैल के महीने में अपनी गाड़ियों की कीमतों में 4 प्रतिशत तक की बढ़त करने जा रहे हैं।
देश की सबसे बड़ी कार मैन्युफैक्चरिंग कंपनी ने शेयर बाजार को जानकारी देते हुए बताया कि कच्चे माल की बढ़ती लागत और परिचालन व्यय के अंतर्गत उनसे अप्रैल से अपनी कारों की कीमतों को बढ़ाने का फैसला किया है। इंडिया ने रेग्यूलेटरी फाइलिंग में कहा है कि बढ़ती इनपुट लागत और ऑपरेशनल कॉस्ट के चलते कंपनी ने अप्रैल से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की योजना बनाई है। कार की कीमत में बढ़ोतरी मॉडल के आधार पर अलग-अलग होगी।
कंपनी का कहना है कि हालांकि वह लगातार कॉस्ट को अनुकूल बनाने और अपने कस्टमर्स पर प्रभाव को कम करने का प्रयास करती है, लेकिन बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा बाजार पर डालने की जरूरत हो सकती है। इससे पहले जनवरी में कंपनी ने 1 फरवरी से अलग-अलग मॉडलों की कीमतों में 32,500 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर 0. 61 प्रतिशत बढ़कर 11,578 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे।
मारुति सुजुकी इंडिया ने फरवरी में टोटल सेल्स में साल-दर-साल मामूली बढ़ोतरी हुई है और यह 1,99,400 यूनिट रही। कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में टोटल 1,97,471 यूनिट बेची थीं। कंपनी ने कहा कि पिछले महीने कुल घरेलू यात्री वाहन बिक्री 1,60,791 यूनिट रही, जबकि एक साल पहले इसी महीने में ये आंकड़ा 1,60,271 यूनिट थी। यह साल-दर-साल मामूली बढ़ता है।
कंपनी ने हाल ही में व्हीकल्स फाइनेंस के लिए हीरो फिनकॉर्प के साथ पार्टनरशिप करके हाथ मिलाया है। संस्थाओं के बीच हुए समझौता ज्ञापन यानी एमओयू के अनुसार, साझेदारी ऑटोमेकर के व्यापक नेटवर्क और हीरो फिनकॉर्प के नए और प्री-ओन्ड कार ऋण के लिए वित्तीय समाधानों का लाभ उपलब्ध कराएगी।