Gold-Silver Price Today 17 April 2026: सोने और चांदी की कीमतों में 17 अप्रैल की सुबह भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। जहां सोने में हल्की कमजोरी दर्ज की गई, वहीं चांदी की कीमतों में मजबूती बनी रही। बाजार की दिशा इस समय वैश्विक परिस्थितियों, खासकर पश्चिम एशिया में तनाव, डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड की चाल पर निर्भर कर रही है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX Gold) पर सुबह के कारोबार में सोना लगभग 0.1% की गिरावट के साथ करीब ₹1,53,130 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड करता दिखा। इसके विपरीत, चांदी की कीमत में तेजी देखने को मिली और कीमतें बढ़कर लगभग ₹2,50,366 प्रति किलोग्राम के स्तर तक पहुंच गईं।
भारत में सोना न सिर्फ निवेश बल्कि परंपरा से भी जुड़ा हुआ है। खासकर अक्षय तृतीया जैसे अवसरों पर सोने की खरीद को शुभ माना जाता है। लेकिन अब यह केवल सांस्कृतिक प्रतीक नहीं, बल्कि मजबूत निवेश विकल्प के रूप में भी उभर रहा है। पिछले एक साल में सोने ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। पिछले साल अक्षय तृतीया के आसपास 24 कैरेट सोने की कीमत करीब ₹99,500 प्रति 10 ग्राम थी, जो इस साल बढ़कर लगभग ₹1,57,800 तक पहुंच गई। यानी एक साल में करीब 60% का उछाल दर्ज हुआ।
लंबी अवधि के आंकड़े और भी मजबूत तस्वीर दिखाते हैं। 2014 में अक्षय तृतीया के समय सोना लगभग ₹30,000 प्रति 10 ग्राम के आसपास था, जो अब बढ़कर ₹1.5 लाख से ऊपर पहुंच चुका है। यानी लगभग 12 साल में सोने ने निवेशकों का पैसा पांच गुना से ज्यादा कर दिया है।
हालांकि इस तेजी के बीच बीच में करेक्शन भी देखने को मिला। मार्च 2026 के आसपास सोना लगभग ₹1.35 लाख प्रति 10 ग्राम तक गिरा था, लेकिन उसके बाद इसमें फिर मजबूत रिकवरी आई और कीमतें रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गईं।
यह भी पढ़ें- Share Market ने लिया ‘U-टर्न’, 151 अंक गिरकर संभला सेंसेक्स, निफ्टी ने भी मारी छलांग, 24,218 अंक के पार
आने वाले समय को लेकर भी बाजार का रुझान सकारात्मक माना जा रहा है। अगर वैश्विक तनाव और महंगाई बनी रहती है, तो सोने को और सपोर्ट मिल सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना का भाव 5300 से 5500 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है, जबकि भारत में अगले एक साल में यह ₹1,70,000 से ₹1,85,000 प्रति 10 ग्राम के स्तर तक जा सकता है, ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है।