Muzaffarpur JDU Leader Gold Chain Theft: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का स्वागत करना भारी पड़ गया। बताया जा रहा है कि निशांत कुमार कुढ़नी प्रखंड के सकरी चौक पर पटना से मुजफ्फरपुर जा रहे थे। निशांत कुमार मिलने से लिए लोगों की भारी भीड़ उमड गई। इसी भीड़ का फायदा उठाकर एक शातिर चोर ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत कर रहे एक जदयू नेता के गले से 7 लाख रुपये की सोने की चेन झपट ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जदयू नेता की पहचान राजेश मंडल के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मंडल अपने समर्थकों के साथ सकरी चौक पर निशांत कुमार का स्वागत करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान वहीं करीब 100 से 150 लोगों की भीड़ जमा हो गई। निशांत कुमार जैसे ही वहां आए, उनके स्वागत को लेकर गहमागहमी मच गई। इसका फायदा उठाकर चोर ने राजेश मंडल के गले से सोने की भारी-भरकम चेन चोरी कर ली।
राजेश मंडल के मुताबिक, गले से गायब हुई चेन का वजन 34 ग्राम था। मौजूदा बाजार भाव के मुताबिक सोने की चेन की वर्तमान कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई। मंडल ने बताया कि कुछ संदिग्ध लड़के लगातार उनके पीछे-पीछे चल रहे थे। घटना का पता चलने पर मंडल हैरान रह गए और उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सफलता नहीं मिली, तो वह पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामले में एफआईआर दर्ज कराई।
घटना के बाद पीड़ित जदयू नेता राजेश मंडल तत्काल स्थानीय थाने पहुंचे और अधिकारियों से मिलकर पूरी आपबीती सुनाई। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि भीड़ में सक्रिय अपराधी गिरोह के सदस्यों की पहचान की जाए और जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और उनकी चोरी हुई चेन को बरामद कर वापस लौटाया जाए।
पुलिस ने जदयू नेता की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि घटना के वक्त मंडल के पीछे-पीछे घूम रहे संदिग्ध लड़कों की पहचान की जा रही है और जल्द ही चोरों को हिरासत में ले लिया जाएगा।