आर्टिकल

हरलीन के शानदार कैच के बाद बोली हरमनप्रीत, फील्डिंग में सुधार के लिए इसे दिया श्रेय

शुभम सोनडवले

नार्थम्पटन. भारतीय महिला टी20 कप्तान हरमनप्रीत कौर (Indian Women's T20 Captain Harmanpreet Kaur) ने टीम के क्षेत्ररक्षण (Fielding) में शानदार सुधार के लिये शनिवार को कोच अभय शर्मा (Abhay Sharma) को श्रेय दिया और कहा कि खिलाड़ियों के साथ ‘व्यक्तिगत सत्र' और ‘थोड़े सुधार' का फायदा मिल रहा है। हरमनप्रीत और हरलीन देओल ने शुक्रवार की रात को यहां बारिश से प्रभावित पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार कैच लपके लेकिन इंग्लैंड की टीम 18 रन से जीत हासिल करने में सफल रही।

हरमनप्रीत ने वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, "जब आप बतौर टीम खेलते हो तो आपको एक लय की जरूरत होती है और ऐसा टीम का कोई भी सदस्य कर सकता है। जब मैंने यह कैच लिया तो मैंने टीम में एक ऊर्जा सी भर दी और फिर हरलीन ने भी बेहतरीन कैच लपका। इसलिये आपको इस लय को लाने के लिये अतिरिक्त प्रयास की जरूरत होती है।"

उन्होंने कहा, "पूरे मैच के दौरान, हमारा मैदानी क्षेत्ररक्षण काफी अच्छा था, हमने काफी रन बचाये थे और हमने कुछ शानदार कैच भी लपके थे इसलिये मुझे लगता है कि यह अच्छा संकेत है कि हमारे क्षेत्ररक्षण में काफी सुधार हुआ है।"

बल्कि 19वें ओवर में हरमनप्रीत ने लांग ऑन पर क्षेत्ररक्षण के दौरान डाइव करते हुए मैदान से कुछ इंच ऊपर ही गेंद को लपककर नैट स्काइवर की शानदार पारी का अंत किया। दो गेंद के बाद हरलीन ने एमी जोन्स की पारी खत्म की, उन्होंने उछलकर बाउंड्री पर सिर के ऊपर ‘रिवर्स कप' कैच लपका और फिर संतुलन गंवाकर गिर गयीं। लेकिन उन्होंने गेंद हवा में फेंकी और फिर उछलकर बाउंड्री के अंदर आकर फिर से गेंद लपक ली।

वनडे कप्तान मिताली राज और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने हरलीन की इस कैच के लिये प्रशंसा की जिसका वीडियो तब से वायरल हो गया। क्षेत्ररक्षण कोच के योगदान के बारे में बात करते हुए हरमनप्रीत ने कहा, "अभय सर पिछले कुछ समय से हमारे साथ हैं और उनका ज्ञान आपको बेहतर खिलाड़ी बनाता है और यही हमारे क्षेत्ररक्षण में दिखा।"

उन्होंने कहा, "पहले भी हम काफी प्रयास किया करते थे लेकिन उन्होंने हमारे क्षेत्ररक्षण में थोड़ा सा बदलाव किया और खिलाड़ियों के साथ व्यक्तिगत सत्र किये जिससे हमें मदद मिली।" (एजेंसी)

वैश्विक अनिश्चितता के बीच सोने की कीमत में मजबूती, केंद्रीय बैंक और एशियाई मांग बढ़ी, NDB रिपोर्ट में दावा

साड़ी पहन AK-47 से फायरिंग करती दिखीं IPS अंकिता शर्मा, दशहरे पर VIDEO वायरल

IMD Alert: बंगाल की खाड़ी में नया लो प्रेशर बनने के आसार, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

अंग्रेजों के उड़े होश जब नेताजी ने बनाई अपनी सरकार, जानिए 1943 का वो प्लान, जिसने बदला देश का इतिहास

जिस जनसंघ की कोख से निकली आज की BJP, उसका महाराष्ट्र और RSS से क्या था असली कनेक्शन?