UN में पाकिस्तान पर खूब दहाड़े क्षितिज त्यागी, फोटो ( सो. सोशल मीडिया )
नवभारत इंटरनेशनल डेस्क: भारत ने जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) की बैठक में पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई है। पाकिस्तान द्वारा कश्मीर का मुद्दा उठाने पर भारत ने सख्त रुख अपनाया। 58वें सत्र की सातवीं बैठक में भारतीय प्रतिनिधि क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान के झूठे और भ्रामक दावों को खारिज करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वहां के नेता कश्मीर को लेकर लगातार गलत जानकारी फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन कर रहा है और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा।
भारत के प्रतिनिधि क्षितिज त्यागी ने कहा कि हाल के वर्षों में जम्मू-कश्मीर ने राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, जो अपने आप में बहुत कुछ दर्शाती है। उन्होंने इसे सरकार की प्रतिबद्धता और लोगों के उस विश्वास का परिणाम बताया, जो लंबे समय से पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद से प्रभावित इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता स्थापित करने के प्रयासों में लगा हुआ है।
उन्होंने आगे पाकिस्तान पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वह मानवाधिकारों के हनन, अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न और लोकतांत्रिक मूल्यों के पतन को अपनी नीतियों का हिस्सा बनाए हुए है। साथ ही, वह खुलेआम संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादियों को शरण देता है। ऐसे में उसे किसी और देश को उपदेश देने का कोई हक नहीं है। भारत ने पाकिस्तान की बयानबाजी को पाखंड और उसकी शासन व्यवस्था की अक्षमता की ‘बू’ आती है। पाकिस्तान को भारत पर टिप्पणी करने के बजाय अपने नागरिकों की भलाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रतिनिधि क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक असफल और आंतरिक अस्थिरता से जूझ रहा देश इस परिषद का समय व्यर्थ कर रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत लोकतंत्र, विकास और अपने नागरिकों के सम्मान को प्राथमिकता देता है, और पाकिस्तान को इन मूल्यों से सीख लेनी चाहिए।
इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के प्रतिनिधि आज़म नज़ीर तरार ने कश्मीर में मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा था कि यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।
विदेश की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लकि करें…
क्षितिज त्यागी इंजीनियरिंग से राजनयिक बने हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई IIT खड़गपुर से पूरी की, जहां से उन्होंने बीटेक और एमटेक की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई के बाद उन्होंने रियल एस्टेट सेक्टर में कदम रखा और तीन साल तक एक कंपनी में काम किया।
2010 में उन्होंने सरकारी सेवा में प्रवेश किया और ऊर्जा मंत्रालय में वैज्ञानिक के रूप में अपनी पहली सरकारी नौकरी हासिल की। वहां दो साल तक कार्य करने के बाद, 2012 में उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा पास की और भारतीय विदेश सेवा (IFS) में शामिल हो गए।
उनकी पहली पोस्टिंग दिल्ली के फॉरेन इंस्टीट्यूट में इंडियन डिप्लोमैट के रूप में हुई। इसके बाद जून 2014 में उन्हें पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन भेजा गया, जहां उन्होंने एक साल सात महीने तक सेवाएं दीं। दिसंबर 2015 में उनका तबादला ब्राजील स्थित भारतीय दूतावास में हुआ। 2018 में उनकी पोस्टिंग मिस्र (इजिप्ट) में हुई, जहां उन्होंने भारतीय दूतावास में फर्स्ट सेक्रेटरी के रूप में कार्यभार संभाला।
जनवरी 2024 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र (UN) में भारत के स्थायी मिशन से जोड़ा गया। एक साल बाद, जनवरी 2025 में, उन्हें पदोन्नति देकर काउंसलर बना दिया गया।
भारत बार-बार पाकिस्तान को हर मोर्चे पर मात देता नजर आ रहा है, चाहे वो क्रिकेट का मैदान हो या अंतरराष्ट्रीय मंच। पाकिस्तान को दुनिया के सामने शर्मिंदगी उठाने की जैसे आदत सी पड़ गई है। हाल ही में, 22 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर उसे करारी शिकस्त दी। इस हार से पाकिस्तान अभी उबरा भी नहीं था कि संयुक्त राष्ट्र में भारतीय अधिकारी क्षितिज त्यागी ने उसे फिर से कड़ी फटकार लगा दी।