भव्य मैदान, अत्याधुनिक सुविधाएं और रिकॉर्ड क्षमता, FIFA World Cup 2026 को खास बनाएंगे ये स्टेडियम
FIFA World Cup 2026 अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के 16 शहरों में होगा। एटीएंडटी, एज्टेका और मेटलाइफ जैसे भव्य स्टेडियमों के बीच खिलाड़ियों को यात्रा और मौसम की चुनौती मिलेगी।
- Written By: संजय बिष्ट
फुटबॉल स्टेडियम (फोटो- सोशल मीडिया)
FIFA World Cup 2026 को अब तक का सबसे बड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट माना जा रहा है। इसकी वजह केवल टीमों और खिलाड़ियों की बढ़ी हुई संख्या नहीं, बल्कि इसका विशाल आयोजन क्षेत्र भी है। यह टूर्नामेंट तीन देशों अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में आयोजित किया जाएगा। 16 मेजबान शहरों में होने वाले मुकाबले खिलाड़ियों, टीमों और प्रशंसकों के सामने लंबी यात्राओं, अलग-अलग मौसम और विभिन्न समय क्षेत्रों जैसी चुनौतियां पेश करेंगे।
एटीएंडटी स्टेडियम होगा सबसे बड़ा मैदान
विश्व कप 2026 का सबसे बड़ा स्टेडियम अमेरिका के टेक्सास प्रांत के अर्लिंग्टन नगर में स्थित एटीएंडटी स्टेडियम होगा। इसकी दर्शक क्षमता 92,967 है। यह स्टेडियम अपनी विशाल वीडियो स्क्रीन के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। इसकी स्क्रीन को विश्व की सबसे बड़ी उच्च-परिभाषा (हाई-डेफिनिशन) स्क्रीन में गिना जाता है।
मेक्सिको और अमेरिका के स्टेडियमों का रहेगा दबदबा
क्षमता के लिहाज से दूसरे स्थान पर मेक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी का एस्तादियो एज़्टेका स्टेडियम है, जिसमें 87,500 दर्शक बैठ सकते हैं। यह स्टेडियम इतिहास रचने जा रहा है, क्योंकि यहां तीसरी बार फीफा विश्व कप के मुकाबले आयोजित होंगे। इससे पहले 1970 और 1986 के विश्व कप की भी मेजबानी यह मैदान कर चुका है। अमेरिका के न्यू जर्सी प्रांत के ईस्ट रदरफोर्ड नगर में स्थित मेटलाइफ़ स्टेडियम की क्षमता 82,500 दर्शकों की है। 19 जुलाई 2026 को विश्व कप का फाइनल मुकाबला इसी मैदान पर खेला जाएगा। खुले वातावरण के कारण यहां मौसम की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है।
सम्बंधित ख़बरें
Arjun Tendulkar का ऑलराउंड धमाका, बल्ले और गेंद दोनों से ढाया कहर, 5 छक्के और 4 चौके, विरोधी टीम के उड़ाए होश
मुंबई के छात्रों के लिए सुनहरा मौका! फ्री में सीखें कुस्ती और जिम्नास्टिक, मिलेगा मुफ्त नाश्ता; ऐसे करें आवेदन
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी जाने के बाद दिग्गजों के आने लगे हैं बयान, अब सौरव गांगुली ने भी BCCI पर किया रिएक्ट
US से तनाव के बीच मेक्सिको पहुंची ईरान की फुटबॉल टीम, FIFA World Cup से ठीक 4 दिन पहले लिया यह बड़ा फैसला
कई आधुनिक स्टेडियम होंगे आकर्षण का केंद्र
अटलांटा नगर का मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम 71,000 दर्शकों की क्षमता के साथ विश्व कप के प्रमुख मैदानों में शामिल है। इसकी विशेषता यह है कि दर्शक केवल आठ मिनट में स्टेडियम से बाहर निकल सकते हैं। इसके अलावा ह्यूस्टन का एनआरजी स्टेडियम 72,220, कैनसस सिटी का एरोहेड स्टेडियम 76,640 और सिएटल का लूमेन फील्ड 68,740 दर्शकों की क्षमता रखते हैं। वहीं कनाडा के वैंकूवर नगर का बीसी प्लेस स्टेडियम 54,500 दर्शकों को समायोजित कर सकता है, जबकि टोरंटो का बीएमओ फील्ड 45,736 क्षमता के साथ टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।
ये भी पढ़ें: SAFF Women’s Championship: बांग्लादेश को 3-1 से दी शिकस्त, 7 साल बाद फिर चैंपियन बना भारत
विश्व कप 2026 का आयोजन क्षेत्र अत्यंत विस्तृत है। टीमों को हजारों किलोमीटर की यात्राएं करनी पड़ सकती हैं, जबकि अलग-अलग शहरों का मौसम भी एक-दूसरे से काफी भिन्न होगा। कहीं तेज गर्मी होगी तो कहीं अपेक्षाकृत ठंडा वातावरण मिलेगा। ऐसे में खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, फिटनेस, आराम और यात्रा प्रबंधन टूर्नामेंट में सफलता की कुंजी साबित हो सकते हैं। यही कारण है कि इस बार विश्व कप की चुनौती केवल मैदान के भीतर ही नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी उतनी ही महत्वपूर्ण रहने वाली है।
