नवी मुंबई पुलिस आयुक्त मुख्यालय (सोर्स: सोशल मीडिया)
Navi Mumbai Agri-Koli Statue Vandalism News: महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां स्थानीय एग्री-कोली समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचाने के आरोप में दो नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह घटना वाशी क्षेत्र के सेक्टर 10 की है, जहाँ नवी मुंबई नगर निगम द्वारा स्थापित एग्री-कोली समुदाय (किसान और मछुआरे) का प्रतिनिधित्व करने वाली एक प्रतिमा को कथित तौर पर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
हैरानी की बात यह है कि इस तोड़फोड़ की जानकारी तब मिली जब आरोपियों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। वीडियो के प्रसारित होते ही स्थानीय समुदाय में भारी रोष फैल गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच दल का गठन किया।
वाशी डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) आदिनाथ बुधवंत ने जानकारी दी कि पुलिस ने तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर बुधवार को पड़ोसी मुंबई के मानखुर्द इलाके से दो नाबालिगों को पकड़ा। पुलिस ने उस मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल इस घृणित कृत्य को रिकॉर्ड करने और इंटरनेट पर अपलोड करने के लिए किया गया था।
यह भी पढ़ें:- मुंबई में ‘हीटवेव’ और ‘जहरीली हवा’ का डबल अटैक, 40°C के टॉर्चर के बाद अब मिलेगी राहत, जानें मौसम का नया अपडेट
नवी मुंबई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 299, 302 और 3(5) (सामान्य इरादा) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कृत्य के पीछे क्या कोई बड़ी साजिश थी।