अंकिता पटेल
साड़ी चाहे सिल्क की हो, बनारसी हो या फिर शिफॉन की, सही ज्वेलरी आपके लुक को और आकर्षक बना सकती है। लेकिन हर साड़ी के साथ एक जैसी ज्वेलरी अच्छी नहीं लगती।
बनारसी साड़ी की खूबसूरत बुनाई और जरी वर्क के साथ कुंदन ज्वेलरी बेहद आकर्षक लगती है। आप इसके साथ हैवी कुंदन नेकलेस, मैचिंग झुमके और मांग टीका पहन सकती हैं।
कांजीवरम सिल्क साड़ी के साथ टेंपल ज्वेलरी का कॉम्बिनेशन बेहद खूबसूरत लगता है। देवी-देवताओं की आकृति वाले हार, झुमके और गोल्ड टोन वाले कंगन इस साड़ी के साथ अच्छे लगते हैं।
शिफॉन साड़ी अपने हल्के फैब्रिक और फ्लोई लुक के लिए पसंद की जाती है। इसके साथ पर्ल नेकलेस, छोटे डायमंड स्टड या नाजुक पेंडेंट वाली चेन खूबसूरत लगती है।
जॉर्जेट साड़ी के साथ बड़े स्टेटमेंट ईयररिंग्स एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। आप चांदबाली, लॉन्ग ड्रॉप ईयररिंग्स या डिजाइनर झुमके चुन सकती हैं।
कॉटन साड़ी के साथ ऑक्सिडाइज्ड सिल्वर झुमके, चंकी सिल्वर नेकलेस या छोटे डिजाइनर कंगन अच्छे लगते हैं। खासतौर पर हैंडलूम और प्रिंटेड कॉटन साड़ी के साथ यह कॉम्बिनेशन आकर्षक दिखाई देता है।
ऑर्गेंजा साड़ी अपने हल्के और खूबसूरत टेक्सचर के कारण खास दिखाई देती है। इसके साथ पर्ल नेकलेस, पर्ल स्टड या छोटे ड्रॉप ईयररिंग्स पहन सकती हैं।
सीक्विन साड़ी पहले से ही चमकदार होती है, इसलिए इसके साथ बहुत भारी ज्वेलरी पहनने की जरूरत नहीं है। छोटे डायमंड स्टड, मिनिमल ब्रेसलेट या पतली चेन वाला नेकलेस अच्छा विकल्प हो सकता है।
फ्लोरल प्रिंट वाली साड़ी के साथ ऑक्सिडाइज्ड झुमके, चांदी के कंगन या बोहो स्टाइल नेकलेस ट्राई कर सकती हैं। अगर साड़ी में कई रंग हैं, तो ज्वेलरी का रंग किसी एक प्रमुख शेड से मैच करें।
अगर आप प्लेन साड़ी पहन रही हैं, तो उसके साथ हैवी कुंदन, पोल्की या स्टोन वर्क वाला चोकर चुन सकती हैं। इसके साथ मैचिंग ईयररिंग्स पहनें और बाकी ज्वेलरी को हल्का रखें।