Kanpur Religious Conversion: कानपुर से एक 17 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। रावतपुर थाना क्षेत्र की पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चमनगंज के निवासी मुख्य आरोपी अरमान और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अरमान को हिरासत में ले लिया है जहां उसके साथ पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता के परिजनों ने बताया कि किशोरी 21 जून को घर से घूमने के लिए निकली थी लेकिन वह करीब एक सप्ताह तक लापता रही। जब वह शनिवार को घर लौटी तब उसने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों के मुताबिक किशोरी को युवक अरमान ने अगवा कर लिया था। युवक ने साथियों संग मिलकर किशोरी को कई दिनों तक बंधक बना कर रखा। जहां उसे जबरन बुर्का पहनाने, कलमा पढ़वाने और गौमांस खिलाने की कोशिश की गई। जब युवती ने विरोध किया तो उसको गर्म चिमटे से दागा गया और उसके साथ मारपीट की गई।
युवती ने यह भी बताया कि उसे डरा-धमकाकर कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए और सऊदी अरब बेचने की धमकी भी दी गई। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटी किशोरी अपने घर पहुंची और परिजनों संग रावतपुर थाने में दी तहरीर। शनिवार देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी अरमान को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों के मुताबिक कुछ समय पहले ही मोतीझील के कारगिल पार्क में युवती की मुलाकात एक गैर समुदाय के युवक से हुई थी। जहां दोनों में बातचीत शुरू हुआ और जल्दी ही उनकी पहचान दोस्ती में बदल गई। इसके बाद 21 जून को उस युवक ने किशोरी को नमक फैक्ट्री चौराहे पर मिलने के लिए बुलाया था।
यह भी पढ़ें- कानपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर; 33 मुकदमों का अपराधिक इतिहास, सताने लगा एनकाउंटर का डर
लेकिन जब किशोरी वहां पहुंची तो युवक के साथ कार में दो अन्य युवक भी मौजूद थे। युवक ने उसे घुमाने का झांसा देकर मोतीझील के कारगिल पार्क ले गए। उसके बाद आरोपी ने युवती को अपने घर ले जाकर जबरन घर में रोका और जबरन कलमा पढ़वाया और गोमांस खाने के लिए दबाव डाला।
विरोध करने पर आरोपियों ने उसके शरीर पर गर्म चिमटा से दागा जिसके निशान युवती के शरीर पर मिले। किशोरी की बात सुन गुस्साए परिजनों ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई और शनिवार को पुलिस ने देर रात आरोपी को उसके दोस्तो समेत हिरासत मे ले लिया।
एसीपी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि चमन गंज निवासी अरमान, उसके माता-पिता और बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी अरमान को भी हिरासत में लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।