Home Remedies For Mouth Ulcers: मुँह के छाले एक ऐसी आम समस्या है, जिससे लगभग हर व्यक्ति कभी न कभी परेशान होता है। ये छोटे-छोटे घाव गालों के अंदर, जीभ या होंठों की भीतरी सतह पर हो सकते हैं। आकार में भले ही छोटे हों, लेकिन इनके कारण खाना खाना, पानी पीना और बात करना तक मुश्किल हो जाता है।
अधिकांश मामलों में मुंह के छाले कुछ दिनों में अपने आप ठीक हो जाते हैं। हालांकि इस दौरान दर्द और जलन को कम करने के लिए कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाए जा सकते हैं। इन प्राकृतिक उपायों में ऐसे गुण मौजूद होते हैं, जो सूजन कम करने और आराम पहुंचाने में मदद कर सकते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, मुंह के छाले कई कारणों से हो सकते हैं। शरीर में विटामिन बी12, आयरन या फोलिक एसिड की कमी, अधिक तनाव, हार्मोनल बदलाव, मुंह में चोट लगना या कमजोर इम्यूनिटी इसकी प्रमुख वजह हो सकती है। यदि छाले बार-बार हों या दो सप्ताह से अधिक समय तक बने रहें, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
मुंह के छालों में गुनगुने नमक वाले पानी से कुल्ला करना सबसे आसान उपायों में से एक माना जाता है। नमक में प्राकृतिक एंटीमाइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं, जो बैक्टीरिया की संख्या कम करने में मदद करते हैं। इससे सूजन घटती है और छाले वाली जगह साफ रहती है।
शहद में एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं। इसे छाले वाली जगह पर हल्के हाथ से लगाने से जलन कम हो सकती है। साथ ही यह एक सुरक्षात्मक परत बनाकर बाहरी जलन से भी बचाने में मदद करता है।
नारियल तेल में मौजूद लॉरिक एसिड बैक्टीरिया और सूजन से लड़ने में मददगार माना जाता है। यह छाले वाली जगह को नम बनाए रखता है, जिससे दर्द और जलन में राहत मिल सकती है। यदि लगाने के बाद जलन बढ़े तो इसका उपयोग बंद कर दें।
कुछ लोग बेकिंग सोडा का भी इस्तेमाल करते हैं। पानी में थोड़ा बेकिंग सोडा मिलाकर कुल्ला करने से मुंह का पीएच संतुलित रखने में मदद मिल सकती है, जिससे जलन कुछ हद तक कम महसूस होती है।
ये भी पढ़ें-आखिर चावल के आटे में छिपा है कौन-सा ब्यूटी सीक्रेट? ये 5 घरेलू नुस्खे दिला सकते हैं पार्लर जैसा ग्लो
बर्फ का छोटा टुकड़ा या ठंडा पानी भी दर्द को कुछ समय के लिए कम कर सकता है। ठंडक नसों की संवेदनशीलता घटाती है, जिससे राहत महसूस होती है। हालांकि बर्फ को सीधे और लंबे समय तक छाले पर नहीं रखना चाहिए।
कई बार शरीर में पानी की कमी और पेट की गर्मी भी मुंह के छालों की परेशानी बढ़ा सकती है। इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और शरीर को हाइड्रेट रखना फायदेमंद माना जाता है।