Morning Habits That Increase Heart Attack Risk :आजकल हृदय रोग केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गए हैं। कम उम्र के लोग भी तेजी से हार्ट से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी एक बड़ी वजह हमारी खराब जीवनशैली और खासतौर पर सुबह की कुछ गलत आदतें हैं।
दरअसल, दिन की शुरुआत जिस तरीके से होती है, उसका असर सीधे दिल की सेहत पर पड़ता है। कई बार हम अनजाने में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो धीरे-धीरे हृदय को नुकसान पहुंचाने लगती हैं। आइए जानते हैं कि सुबह की कौन-सी आदतें आपके दिल के लिए खतरा बन सकती हैं।
कई लोगों की सुबह बेड-टी या कॉफी के बिना शुरू ही नहीं होती, लेकिन यह आदत दिल की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। खाली पेट कैफीन लेने से एसिडिटी और डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा, यह ब्लड प्रेशर को अचानक बढ़ा सकती है और कुछ लोगों में दिल की धड़कन भी अनियमित हो सकती है। इसलिए सुबह सबसे पहले पानी पीना ज्यादा बेहतर माना जाता है।
अगर आप सुबह का नाश्ता छोड़ देते हैं या तली-भुनी और ज्यादा मीठी चीजें खाते हैं, तो यह आपके हार्ट के लिए खतरे की घंटी हो सकती है। नाश्ता न करने से ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव आता है और मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है। वहीं, प्रोसेस्ड और ऑयली फूड शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाकर धमनियों में रुकावट पैदा कर सकते हैं।
गहरी नींद से अचानक उठने पर शरीर में तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन तेजी से सक्रिय हो जाते हैं। इससे ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट अचानक बढ़ सकते हैं, जो दिल पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अलार्म बजने के बाद एक-दो मिनट बिस्तर पर बैठें, गहरी सांस लें और शरीर को हल्का स्ट्रेच करने के बाद ही उठें।
यह भी पढ़ें- Excessive Sleep: क्या आपको भी आती है जरूरत से ज्यादा नींद? नजरअंदाज करना पड़ सकता है महंगा
सुबह उठते ही सीधे हैवी वर्कआउट शुरू कर देना भी दिल के लिए सुरक्षित नहीं माना जाता। खासकर बिना वॉर्म-अप किए वेट लिफ्टिंग या हाई-इंटेंसिटी एक्सरसाइज करने से हृदय पर अचानक दबाव बढ़ सकता है। इसलिए किसी भी एक्सरसाइज से पहले कम से कम 5 से 10 मिनट तक हल्की स्ट्रेचिंग या वॉर्म-अप जरूर करें।
विशेषज्ञों का कहना है कि स्वस्थ दिल के लिए केवल दवाइयां ही नहीं, बल्कि अच्छी दिनचर्या भी बेहद जरूरी है। अगर आप सुबह की इन छोटी-छोटी गलतियों से बचते हैं, तो लंबे समय तक अपने हृदय को स्वस्थ और मजबूत बनाए रख सकते हैं।